राजनांदगांव
खैरागढ़ में निकली बाइक रैली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा का जिले में प्रथम आगमन भव्य रूप में हुआ। इस अवसर पर युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आयश सिंह बोनी के नेतृत्व में धरमपुरा से बाइक रैली निकाली गई, जो खैरागढ़ नगर होते हुए जिला भाजपा कार्यालय तक पहुंची।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्जवलित कर व विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। कार्यक्रम में जिला के वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपस्थिति रही। जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने स्वागत भाषण में प्रदेश अध्यक्ष का प्रथम आगमन पर आभार जताया और कहा कि कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। उन्होंने 2028 विधानसभा चुनाव में खैरागढ़ सीट पर भाजपा का परचम लहराने का संकल्प दोहराया।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू ने कहा कि संगीत नगरी खैरागढ़ में प्रदेश अध्यक्ष का आगमन युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार फिर से बने, इसके लिए युवा मोर्चा को अभी से जुट जाना चाहिए।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि राहुल योगराज टिकरिहा ने कांग्रेस सरकार के दमनकारी रवैये का डटकर मुकाबला किया। उनके ऊपर 14 एफआईआर दर्ज हुईं और कई बार जेल भेजा गया, फिर भी उनका जज्बा नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा को सेवा, समय और समर्पण भाव से रचनात्मक कार्यों में भाग लेना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार ने कहा कि टिकरिहा ने कांग्रेस शासन में संघर्ष कर जिले से लेकर प्रदेश स्तर पर कार्य किया। पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा और सशक्त रूप से कार्य करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं को आभार प्रकट करते कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ है। पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ हमारी लड़ाइ में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिले से दूसरी बार जिला पंचायत सभापति बना हूं, यह पार्टी और कार्यकर्ताओं की बदौलत संभव हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में सुशासन के साथ कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और 24 किमी सेतु निर्माण जैसे कार्य हुए हैं, जो भारत के स्वाभिमान का प्रतीक हैं। उन्होंने सभी युवा कार्यकर्ताओं से नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने किया और समापन पर ललित चोपड़ा ने आभार प्रदर्शन करते सभी आगंतुकों को धन्यवाद दिया।
इस मौके पर टीके चंदेल, घम्मन साहू, आलोक श्रीवास, नीलिमा गोस्वामी, गिरजा चंद्राकर, डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, प्रकाश वर्मा, प्रकाश सिंह, शैलेन्द्र त्रिपाठी, शैलेन्द्र मिश्रा, जैनेन्द्र जंघेल, अनीश सिंह, प्रेमसागर गुप्ता, राकेश ठाकुर, हरप्रसाद वर्मा, रामकुमार जोशी, रवि भावनानी, हमेश यदु, जयप्रकाश साहू, मंजीत सिंह, अर्जुन क्षत्रिय, हर्षवर्धन वर्मा, वंदना तांडेकर, नीलिमा राजपूत समेत सैकड़ों युवा मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।


