राजनांदगांव

उधारी मांगने पर शिक्षक दंपति की हत्या
10-Oct-2025 4:36 PM
उधारी मांगने पर शिक्षक दंपति की हत्या

संदेही पड़ोसी हिरासत में
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर।
खैरागढ़ जिले के छुईखदान ब्लॉक के रोड अतरिया गांव में एक शिक्षक दंपत्ति की जघन्य हत्या की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बीती रात को पति-पत्नी की क्रूरतापूर्वक  हत्या की गई। सुबह घटना सामने आई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के शक पर पड़ोस के एक युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। खैरागढ़ एएसपी नीतेश गौतम ने ‘छत्तीसगढ़’  से घटना की पुष्टि करते कहा कि  घटना को अंजाम देने के शक पर एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक छुईखदान-गंडई मार्ग में स्थित रोड अतरिया गांव में रहने वाले बाबूलाल शोरी (55 वर्ष) व उसकी पत्नी सुनतीबाई शोरी (51 वर्ष) का शव खून से लथपथ सुबह मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक बाबूलाल शोरी शिक्षक थे। वहीं उनकी पत्नी घरेलू महिला थी। बताया जा रहा है कि पड़ोस के रहने वाले युवक भगवती गोंड (35 वर्ष) ने मृतक बाबूलाल शोरी से रुपए उधार लिए थे। वह रुपए वापस करने के लिए संदेही युवक पर दबाव बनाए हुए थे। रोजाना दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहा-सुनी होती थी। उधार नहीं चुकाने पर मृतक ने संदेही युवक के साथ गाली-गलौज भी की थी। इसी बात से रूष्ट संदेही ने पति-पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक भारी लकड़ी को जब्त किया है। लकड़ी में खून के धब्बे पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फारेंसिक जांच में स्थिति स्पष्ट होगी।
 


अन्य पोस्ट