राजनांदगांव

विजयादशमी पर 50 फीट का रावण दहन
06-Oct-2025 7:03 PM
विजयादशमी पर 50 फीट का रावण दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 अक्टूबर। विजयादशमी पर्व अंबागढ़ चौकी नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस वर्ष भी चिल्हाटी रोड़ स्थित कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव समिति द्वारा भव्य आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया गया।

दशहरा उत्सव समिति कॉलेज मैदान द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू मुख्य अतिथि व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी अतिथि के रूप में शामिल हुए। दशहरा उत्सव का शुभारंभ शाम 7 बजे से शुरू हुआ। आरंभ में ढ़ाई घंट तक गोपलीनचुवा की प्रख्यात रामधुनी मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया गया। रामलीला के बाद कॉलेज ग्राउंड में आधे घंटे तक  मनमोहक आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया।  इसके बाद रावण दहन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। दशहरा उत्सव का आनंद उठाने बड़ी संख्या में नगर एवं क्षेत्रवासी शामिल थे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती साहू व नपं अध्यक्ष श्री मनिकपुरी ने कहा कि तीनों लोक में रावण से बड़ा कोई ज्ञानी व शक्तिशाली नहीं हुआ है, पर उनका पतन अहंकार एवं आसुरी विकारों के फलस्वरूप हुआ।  विजयादशमी का पर्व हमें संदेश देता है कि हमें भी रावण को मारने अपने-अपने मन में बसे अहंकार एवं आसुरी प्रवृत्ति क्रोध, लोभ मोह, माया, ईष्र्या, छल व द्वेश को मारने की जरूरत हैं, तभी हम सही मायने में विजयादशमी पर्व को सार्थक कर पाएंगे। दशहरा उत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष व पार्षद  विनोद डेहरिया, पार्षद शंकर निषाद,  शमीमुद्दीन कुरैशी,  बिटटु रब्बानी, डीके पेंटर, मनीष बंसोड, ईश्वर देशमुख सहित बड़ी संख्या में कार्यक्रम से जुड़े सदस्यों ने अपना उल्लेखनीय योगदान दिया।


अन्य पोस्ट