राजनांदगांव
शहर-ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष चुनने पहुंचे पर्यवेक्षक सपरा का जगह-जगह स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 अक्टूबर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत ग्रामीण और शहर अध्यक्ष चुनने के लिए बतौर पर्यवेक्षक चरण सिंह सपरा का एयरपोर्ट से राजनांदगांव शहर पहुंचने तक दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन किया।
सपरा के स्वागत में पद के दावेदारों ने अपनी ताकत दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शहर के ज्यादातर होर्डिंग्स सपरा के स्वागत से अटा पड़ा है। ग्रामीण और शहर अध्यक्ष के लिए कांग्रेस के मौजूदा तथा पूर्व अध्यक्षों के अलावा पदाधिकारियों ने भी अपना दावा मजबूती के साथ रखा है। ऐसे में जल्द ही कांग्रेस संगठन के मुखिया के नाम का ऐलान होगा। इससे पहले राजधानी रायपुर में एयरपोर्ट में कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन के अलावा मेहुल मारू व कुछ अन्य नेताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद सपरा देवांगन के आग्रह पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास में कुछ देर अहम चर्चा के लिए गए।
बताया जा रहा है कि बघेल के साथ ही सपरा ने राजनांदगांव का रूख किया। बघेल का भी राजनंादगांव में एक कार्यक्रम था। सपरा और बघेल का सर्किट हाउस में अलग-अलग गुटों में कांग्रेसी नेताओं ने स्वागत किया। शहर अध्यक्ष के प्रमुख दावेदारों में गिने जा रहे कुलबीर छाबड़ा ने भी स्वागत किया। वहीं जितेन्द्र मुदलियार, नरेश डाकलिया, रमेश डाकलिया, रूबी गरचा, अमित चंद्रवंशी भी स्वागत के लिए पहुंचे। ग्रामीण अध्यक्ष के दावेदार महेन्द्र यादव, विरेन्द्र बोरकर, भागवत साहू ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बताया जा रहा है कि सपरा के स्वागत सत्कार में कांग्रेस का सांगठनिक मुखिया बनने के लिए दावेदारों ने पूरा दमखम लगाया, ताकि उनका दावा मजबूत हो सके। यहां यह बताना लाजमी है कि एआईसीसी मुख्यालय ने पर्यवेक्षकों और पीसीसी के द्वारा अधिकृत सहयोगियों को किसी भी तरह की उपकृत होने वाली व्यवस्था से दूर रहने की हिदायत दी है। वहीं दावेदारों को शक्ति प्रदर्शन करने से परहेज के भी निर्देश दिए हैं। इससे परे पर्यवेक्षक और दावेदारों ने एआईसीसी के निर्देश का पूरी तरह से पालन नहीं किया। बहरहाल कांग्रेस में सांगठनिक चुनाव आखिरी दौर पर है। पर्यवेक्षक सपरा 10 अक्टूबर के बाद वापस लौट जाएंगे। एआईसीसी को वह अपनी रिपोर्ट देंगे। इसके बाद अध्यक्षों के नामों की घोषणा होगी।


