राजनांदगांव
डॉ. सिंह ने पर्यटन मंडल अध्यक्ष शर्मा के कार्यों को सराहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अक्टूबर। राजनंादगांव में गुरुवार को पर्यटन सूचना केंद्र का विधिवत रूप से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उद्घाटन किया। स्थानीय चौपाटी स्थित नवीन सूचना केंद्र के प्रारंभ होने से पर्यटन के क्षेत्र में राजनांदगांव की भी एक पहचान बनेगी।
इसी उद्देश्य से मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने सूचना केंद्र खोलने के लिए प्रयास किया था। डोंगरगढ़ में भी पर्यटन सूचना केंद्र का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सिंह ने अध्यक्ष श्री शर्मा के कार्यों और योजनाओं की सराहना करते कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में पहचान मिली है। भोरमदेव में उन्होंने सूचना केंद्र की स्थापना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सुंदरता से ओतप्रोत है। यहां पर्यटन की भरपूर संभावना है। सरगुजा से बस्तर तक पर्यटकों के लिए अच्छा माहौल है। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 में नक्सल समस्या से मुक्त होने के बाद बस्तर की खूबसूरती में और भी निखार आएगा। इंद्रावती वन क्षेत्र से लेकर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन से सरकार को राजस्व मिलता है। पर्यटन मंडल इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने नए सूचना केंद्र के प्रारंभ होने से राजनांदगांव को भी देश के मानचित्र में पहचान मिलेगी।
इस दौरान सांसद संतोष पांडे, खूबचंद पारख, महापौर मधुसूदन यादव, सचिन बघेल, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, योगेशदत्त मिश्रा, मधु बैद, देवशरण सेन, मणीभास्कर गुप्ता, रेखा मेश्राम, खेमिन यादव समेत अन्य लोग शामिल थे।


