राजनांदगांव
भाटिया उपाध्यक्ष, बंटी व ऋ षि मंत्री और अमर को मीडिया का प्रभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 सितंबर। काफी कश्मकश के बाद भाजपा की नई टीम का ऐलान हो गया है। जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने नई टीम की घोषणा कर दी है। उनकी नई टीम युवा चेहरों से लैस है। राजनीतिक रूप से नई टीम को काफी सक्षम और मेहनतकश माना जा रहा है। यही टीम संभवत: अगले विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी रणनीति तैयार करेगी।
नए कोषाध्यक्ष के तौर पर भावेश बैद को चुना गया है। बैद पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के करीबी है। बैद की नियुक्ति डॉ. सिंह की पसंद पर की गई है। बैद लंबे समय से पार्टी के लिए हर मोर्चे पर सक्रिय रहे हैं।
नई कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष के रूप में जगजीत सिंह भाटिया (लक्की) की नियुक्ति की गई है। वहीं जिला मंत्री के रूप में जैसल लाल (बंटी) और ऋषिदेव चौधरी को कार्य करने का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा मीडिया प्रभारी अमर ललवानी को बनाया गया है। ललवानी का मीडिया से बेहतर रिश्ता रहा है। वह पार्टी के मुद्दों को लेकर मीडिया के जरिये विपक्षी दलों पर हमला करते रहे हैं। साथ ही मीडिया के साथ वह काफी सहज रहते हैं, इसलिए पार्टी ने उन्हें मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है।
वैसे तो जिलाध्यक्ष राजपूत ने क्रमश: उपाध्यक्ष व मंत्री पद के लिए 6-6 युवा चेहरों को अपनी टीम में शामिल किया है। वहीं सौरभ कोठारी और डिकेश साहू को महामंत्री बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि राजनीतिक निर्णय लेते हुए संगठन में जातिगत समीकरण को भी दृष्टिगत रखकर टीम का ऐलान किया गया है। महामंत्री बने डिकेश साहू भाजयुमो में भी महामंत्री रहे हैं। कुल मिलाकर भाजपा की नई टीम में युवाओं को जगह दी गई है। इस तरह युवा टीम अब राजनीतिक मोर्चे पर जिम्मेदारी सम्हालने तैयार हो गई है।
नई टीम से पार्टी होगी मजबूत -राजपूत
भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। इस नई कार्यकारिणी की टीम संगठन को मजबूत बनाते समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पार्टी की योजनाओं और विचारधारा को पहुंचाने का कार्य करेगी। प्रदेश नेतृत्व ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते विश्वास व्यक्त किया कि यह टीम राजनांदगांव जिले में भाजपा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।


