राजनांदगांव

विस अध्यक्ष ने पर्यावरण परिक्रमा पथ का किया लोकार्पण
25-Sep-2025 3:40 PM
विस अध्यक्ष ने पर्यावरण परिक्रमा पथ का किया लोकार्पण

10 हजार से अधिक लगाए गए पेड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 25 सितंबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने क्वांर नवरात्रि पर्व के अवसर पर मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ का लोकार्पण किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ की परिकल्पना 2015 में की गई थी और यह परिकल्पना 2025 में पूरी हो रही है।

मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ अद्भूत परिक्रमा पथ है। परिक्रमा पथ में छत्तीसगढ़ में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां प्रतीक के रूप में स्थापित की गई है। यह परिक्रमा पथ साढ़े तीन किलोमीटर लम्बा है। जिसमें फलदार, छायादार एवं विभिन्न प्रजातियों के 10 हजार से अधिक पेड़ लगाए गए है। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ नगर के नागरिकों को प्रभात फेरी के लिए एक अच्छा स्थल मिल गया है। मां बम्लेश्वरी के अशीर्वाद से परिक्रमा पथ का कार्य पूरा हो गया है। डोंगरगढ़ नगर मां बम्लेश्वरी के साथ-साथ सर्वधर्म समन्वय का भी स्थान है, जहां सभी समाज के इष्ट देव विराजते है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मां बम्लेश्वरी देवी की नगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ का लोकार्पण किया गया है। मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ की आधारशिला 2015 में रखी गई थी और यह आज पूर्ण हो गया है। डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मां बम्लेश्वरी पर्यावरण परिक्रमा पथ आस्था का केन्द्र बनेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित  सचिन बघेल, अध्यक्ष नगर पालिक परिषद रमन डोंगरे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य  अनिता मंडावी, पूर्व विधायक रामजी भारती, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित ट्रस्ट समिति अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

रमन ने की मां बम्लेश्वरी की पूजा-अर्चना

विधानसभा अध्यक्ष डॉ.  सिंह एवं धर्मपत्नी वीणा सिंह ने मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


अन्य पोस्ट