राजनांदगांव

जिले की समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे-मंत्री
22-Sep-2025 7:16 PM
जिले की समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे-मंत्री

कैबिनेट मंत्री साहेब का केसीजी जिले में आगमन पर भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव/खैरागढ़, 22 सितंबर। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का प्रथम आगमन भव्य स्वागत के साथ संपन्न हुआ। मंत्री बनने के बाद पहली बार जिले में पहुंचे श्री साहेब का भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया।

गुरु साहेब का स्वागत जिले के तीन प्रमुख स्थानों गंडई, छुईखदान और खैरागढ़ में किया गया। भाजपा जिला कार्यालय खैरागढ़ (पिपरिया) में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और मालाओं से मंत्री का अभिनंदन किया और उनके नेतृत्व में जिले के विकास की अपार संभावनाओं पर विश्वास जताया।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे लगातार केसीजी जिले में आते रहेंगे और यहां के हर विकास कार्य पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे खैरागढ़ विधानसभा के छाया विधायक विक्रांत सिंह के साथ मिलकर जिले की समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।

मंत्री ने राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसानों को एकमुश्त अंतर की राशि देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से गरीब परिवारों का पक्का मकान का सपना साकार हुआ है। साथ ही हर महीने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को एक हजार रुपए प्रदान किया जा रहा है। जिससे महिलाओं का सम्मान हुआ है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने भी मंच से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार क्षेत्र के हर नागरिक के हित में कार्य कर रही है और आने वाले समय में केसीजी जिला प्रदेश के विकास मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा।

स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, घम्मन साहू, टीके चंदेल, डॉ. राजेश्री त्रिपाठी, पुष्पा वर्मा, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, गिरजा चंद्राकर, अरुणा बनाफर, नीलिमा गोस्वामी, देवीन कोठले, अनिल अग्रवाल, आयश सिंह, चंदू वर्मा, लखन साहू, कोमल वर्मा, चंद्रकांत जायसवाल, भावेश कोचर, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, आकेश बर्मन, श्यामसुंदर साहू, दिलेश्वर यदु सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। जिले में कैबिनेट मंत्री के आगमन को एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में देखा गया।


अन्य पोस्ट