राजनांदगांव
दूध-दही का पुलिस कैम्पों में करता था सप्लाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। बालाघाट जिले के लांजी पुलिस अनुभाग के पीटकोना क्षेत्र में पुलिस मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने एक ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस मुखबिरी करने के आरोप में नक्सलियों ने 16 सितंबर की रात को ग्रामीण को अगुवा किया। उसके बाद उसकी हत्या कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक बालाघाट के पीटकोना क्षेत्र के चौरिया गांव के रहने वाले देवेन्द्र यादव का नक्सलियों ने अपहरण कर लिया था। उसके बाद उसकी हत्या कर दी। नक्सलियों ने मृतक पर सुरक्षा कैम्पों में दूध-दही सप्लाई करने के आड़ में मुखबिरी करने का आरोप लगाया और उसके बाद उसकी जघन्य हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक अंदरूनी जंगल में अस्थाई गौठान चलाता था। जिसमें मवेशियों के दूध से अलग-अलग पदार्थ बनाकर बेचता था। बालाघाट पुलिस घटना की जांच कर रही है।


