राजनांदगांव

राजनांदगांव, 11 सितंबर। समाजसेवी संस्था उदयाचल ने गुरुवार को पूर्व महापौर नरेश डाकलिया का सम्मान किया। डाकलिया राजनीतिक के अलावा अन्य क्षेत्रों में योगदान देने आगे रहते हैं। खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उनकी भूमिका सर्वविदित है।
डाकलिया अलग-अलग समाजसेवी संस्थाओं के प्रति भी जवाबदेह रहते हैं। लिहाजा उनके सामाजिक उत्तरदायित्व को दृष्टिगत रखते हुए उदयाचल संस्थान ने आज उनका सम्मान किया। पूर्व महापौर डाकलिया धार्मिक आयोजन से लेकर शैक्षणिक संस्थानों के साथ भी परस्पर सहयोग की भावना रखते हैं। ऐसे में उनकी भूमिका हर क्षेत्र में नजर आती है। डाकलिया का आज पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, अशोक मोदी व उदयाचल संस्थान के पदाधिकारियों ने सम्मान किया।
श्री डाकलिया ने संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते कहा कि उदयाचल दशकों से चिकित्सा एवं अन्य सामाजिक कार्यों में अग्रणी संस्था है। आम लोगों के लिए संस्थान कल्याणकारी कार्यों के प्रति तत्पर रहा है। आज के दौर में जनहित के कार्य निरंतर रूप में करना आसान नहीं है। ऐसे में संस्था ने चुनौतियों को पार करते हुए अपनी प्रासंगिकता को बनाए रखा है।