राजनांदगांव

प्रदेश भाजपा मंत्री अमित ने दिया मार्गदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ होकर महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के विविध कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में सेवा पखवाड़ा को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेश भाजपा मंत्री अमित साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा से अवगत कराते इसके महत्व पर प्रकाश डाला। श्री साहू ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र सेवा ही भाजपा का मूल मंत्र हैं। सेवा पखवाड़ा इसी उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यकर्ता सेवाभाव से कार्यक्रमों में सहभागी बनें और आमजन के बीच पार्टी की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें।
कार्यशाला में बताया गया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता अभियान, एक पेड़ मां के नाम के तहत वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, जनस्वास्थ्य शिविर, दिव्यांगजन एवं विशिष्ट नागरिकों का सम्मान, लोकल फॉर वोकल का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर डॉक्युमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, प्रबुद्ध वर्ग संवाद, खेलकूद प्रतियोगिताएं और चित्रकला प्रतियोगिता जैसे सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती प्रत्येक बूथ स्तर पर मनाने का निर्णय भी लिया गया।
कार्यशाला को जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सेवा कार्यक्रमों को गंभीरता से लें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, घम्मन साहू, टीके चंदेल, जीवन देवांगन, शशांक ताम्रकार, खम्हन ताम्रकार, अनिल अग्रवाल, गिरजा चंद्राकर, अरुणा बनाफर, दिनेेश वर्मा, ललित चोपड़ा, पुष्पा वर्मा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, आयश सिंह, विनय देवांगन, देवकुमार सेन, ललित सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा के इस सेवा पखवाड़ा से जनसंपर्क मजबूत होने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी बल मिलेगा।