राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 सितंबर। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले के किसानों के लिए उर्वरक आपूर्ति करने वाले कंपनियों से समन्वय कर जिले में खाद की उपलब्धता एवं भंडारण हेतु लगातार कार्य किए जा रहे है। जिले में खरीफ वर्ष में धान फसल अब दाना भरने की अवस्था में पहुंच चुका है। किसानों को अच्छे उत्पादन के लिए यूरिया, डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में राजनांदगांव रेक पॉइंट सहित रायपुर, तिल्दा एवं बालोद रेक पॉइंट से लगातार यूरिया एवं डीएपी खाद प्राप्त हो रहा है, जिसे सीधे डबल लॉक केन्द्रों के माध्यम से सीधे समितियों में भंडारण कराया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में श्री राम कृषि केंद्र में मैदानी अधिकारी की ड्यूटी लगाकर 70 किसानों को 70 बोरी यूरिया खाद शासन द्वारा निर्धारित 266 रुपए 50 पैसे की दर से वितरण किया गया। वहीं डोंगरगढ़ विकासखंड के सिन्हा कृषि केंद्र में अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच की गई। संचालक द्वारा संतोषप्रद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराएं जाने पर नोटिस जारी किया गया और पंजियों को जब्त किया गया।