राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 सितंबर। राजनांदगांव शहर के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में रविवार देर शाम को युवकों की टोली में दूसरे टोली के बीच विवाद में हस्तक्षेप करने पर एक युवक पर कातिलाना हमला कर दिया। घटना में युवक की मौत हो गई। जबकि ग्रुप में पहुंचे युवकों ने आधा दर्जन लोगों पर हमला कर दिया। घटना में 4 युवक जख्मी हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक नवागांव वार्ड में गणेश विसर्जन के माहौल के बीच रविवार शाम को अजय नामक युवक को मारने की नीयत से पहुंचे एक गुट का राकेश धीवर नामक युवक से विवाद हुआ। हथियार लेकर पहुंचे युवकों को राकेश धीवर ने समझाने की कोशिश की। उसकी दखलंदाजी से भडक़े युवकों ने उसी पर प्राणघातक हमला कर दिया। चाकू से शरीर के मुख्य अंगों को चोट पहुंची। जिससे राकेश धीवर की मौत हो गई।
उधर खूनी खेल में ग्रुप ने दूसरे गुट के लडक़ों को भी नहीं बख्शा। उन पर भी हथियार चलाए। जिससे 4 युवक जख्मी हुए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस गणेश विसर्जन के चलते काफी व्यस्त थी। मौके पर पुलिस काफी देर से पहुंची, तब तक युवक की मौत हो गई थी और वहीं अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। कुछ दिनों से पटरीपार बजरंगपुर नवागांव वार्ड में हिंसक वारदातों में बढ़ोत्तरी हुई है। चिखली पुलिस चौकी पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं करने पर सवाल उठ रहे हैं। इधर खबर है कि पुलिस ने एक नाबालिग समेत 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।