राजनांदगांव

परंपरागत झांकियों के साथ युवा थिरके, उमड़ा जनसैलाब
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 सितंबर। परंपरागत विसर्जन झांकी के लिए ख्याति प्राप्त राजनांदगांव में नयनाभिराम झांकियों की एक झलक पाने के लिए बीती रात शहर की सडक़ों में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
गणेश समितियों ने विसर्जन झांकियों को अद्भुत स्वरूप दिया था। आकर्षक लाईटिंग के साथ विशालकाय आर्च और मूविंग मूर्तियां रातभर विसर्जन झांकी रूट में दिखाई दी। पौराणिक गाथाओं और लोक संदेशों से जुड़े झांकियों का नजारा देखने के लिए रातभर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। इस वर्ष शहर के मुख्य मार्गों में लगभग दो दर्जन से अधिक झांकियों ने भक्तों का मन मोहा।
झांकियों के साथ युवाओं की टोली रास्ते में एक काफिले की तरह आगे बढ़ी। युवा वर्ग झांकियों के आगे परंपरागत गीतों में थिरकते नजर आए। हर साल शहर में गणेशोत्सव के आखिरी दिन झांकियों का नजारा ऐतिहासिक होता है। यही कारण है कि दर्जनों झांकियों को देखने के लिए हजारों की तादाद में लोग जुटते हैं। इस साल जिला और पुलिस प्रशासन ने विसर्जन झांकियों के लिए रूट चार्ट तैयार किया था, जहां से ही झांकियां निकाली गई। इधर शहर के मार्गों से निकली धार्मिक संदेशों पर आधारित झांकियां लोगों को भा गई।
शहर में करीब 2 दर्जन से अधिक झांकियां अपने तय रूट से निकली। झांकी के लिए युवा टोली की तैयारी पहले से थी। लोगों ने प्लेटफार्मो में खड़े होकर रातभर झांकियों का दर्शन किया। इस बार के विसर्जन झांकियों में देवी-देवताओं और देशभक्ति तथा कथाओं पर आधारित मूविंग झांकियां तैयार की गई थी। देर शाम विसर्जन झांकियों के निकलने का क्रम शुरू हुआ। रातभर विसर्जन झांकियां अपने तय रूट पर निकलती रही, जिसे देखने लोगों की भीड़ सडक़ों पर नजर आई। इधर शहर में पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण बिना किसी रूकावट के झांकी विसर्जन पर्व समाप्त हुआ। पुलिस की चप्पे-चप्पे में तैनाती होने के कारण असामाजिक तत्वों पर निगरानी रही। युवाओं को संभालने के लिए पुलिस की तगड़ी मोर्चाबंदी रही।
इन समितियों ने निकाली झांकी
गणेश विसर्जन झांकी में बाल समाज गंज चौक, न्यू आदर्श समिति अम्बे धाम चौखडिय़ा पारा, गण गणेश उत्सव समिति बाबा रामदेव मंदिर, दुर्गा मंडल दुर्गा चौक, सुमित मंडल, गोल बाजार, बजरंग मंडल शंकरपुर, उमंग गणेश समिति हमाल पारा, जय श्री केदारनाथ युवा मंडल शांति नगर, त्रिशंव मंडल ब्राम्हण पारा, गंज गणेश भारत माता चौक, सुमित मंडल कामटी लाइन, अष्टविनायक मंडल समिति समेत अन्य समितियों ने गणेश विसर्जन झांकी निकाली।
पुलिस की रही तगड़ी मोर्चाबंदी
विसर्जन झांकी में विवाद और शांति व्यवस्था को सम्हालने के लिए पुलिस के जवान शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैनात नजर आए। पुलिस विभाग ने शहर में विसर्जन झांकी के लिए करीब 900 जवानों को तैनात किया था। इस बार विसर्जन झांकी अपने तय रूट मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, हलवाई लाइन, भारत माता चौक होते हुए गंज चौक पहुंची।
टोकन के साथ निकली झांकियां
विसर्जन झांकी को लेकर झांकी समितियों ने टोकन लेकर तय रूट पर आगे बढ़ती नजर आई। ज्ञात हो कि प्रशासन ने पूर्व में स्पष्ट कर दिया था कि पुरस्कार सिर्फ उन्हीं समितियों को दिया जाएगा, जो टोकन के साथ रूट पर आगे बढ़ेंगे। शनिवार देर शाम से विसर्जन झांकी समितियों ने तय रूट पर आगे बढऩे तैयारियां शुरू कर दी थी। इधर शाम से ही शहर समेत ग्रामीण और अन्य जिलों से लोग विसर्जन झांकी की परंपरा को बरकरार रखने के लिए विसर्जन झांकी देखने शहर में पहुंचते रहे और झांकियों का आनंद लिया।
प्रतिमा विसर्जन करने जुटे रहे श्रद्धालु
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शनिवार को मोहारा नदी स्थित विसर्जन कुंड में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा को विसर्जित करने का सिलसिला चलता रहा। हवन-पूजन के पश्चात लोग घरों और पंडालों में विराजित भगवान श्रीगणेश को जयकारों के साथ विसर्जित करते नजर आए। नगर निगम की टीम ने बड़ी मूर्तियों को विसर्जित करने की व्यवस्था की गई थी। वहीं विसर्जन कुंड के समीप श्रद्धालुओं ने विसर्जन से पूर्व भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना कर परिवार की मंगलकामना को लेकर कामना की। इस दौरान भगवान श्रीगणेश के जयघोष भी लगाए गए।