राजनांदगांव

पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव ने प्रदर्शनकारियों का बढ़ाया हौसला
04-Sep-2025 7:08 PM
पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव ने प्रदर्शनकारियों का बढ़ाया हौसला

साय सरकार की सुस्त चाल पर उठाए सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 सितंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य व पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को विष्णुदेव साय सरकार की सुस्त चाल पर सवाल खड़ा करते धीमी विकास गति के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया। सिंहदेव लंबे समय बाद बुधवार को जिले के एक दिनी दौरे पर थे।

उन्होंने अपने प्रवास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिवंगत परिजनों को अलग-अलग क्षेत्र में जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सबसे पहले उन्होंने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। छाबड़ा के निवास में पहुंचकर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शहर में चिखली ओवरब्रिज के नए सिरे से निर्माण के लिए आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय धरने में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई किया। उन्होंने कांग्रेस के पदाधिकारियों से आंदोलन को और तेज करने पर जोर दिया।

पूर्व उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, कांग्रेस नेता रूबी गरचा, पूर्व पार्षद अशोक फडऩवीस तथा नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के निवास पर भी पहुंचकर भेंट-मुलाकात की।

श्री सिंहदेव ने राजनांदगांव शहर की कई समस्याओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। जिसमें एस्ट्रोटर्फ की खराब हालत का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने आश्चर्य किया कि हॉकी की नर्सरी माने जाने वाले राजनांदगांव शहर की भावनाओं से जुड़ी समस्याओं को दूर करना उचित नहीं समझा जा रहा है। सिंहदेव ने अं. चौकी शहर में भी जाकर कांग्रेस के कई नेताओं से मुलाकात की। इसके अलावा एनएचएम कर्मियों के धरना प्रदर्शन को लेकर उन्होंने उनकी मांगों को पूरा करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जायज मांगों को फौरन पूरा किया जाना चाहिए। पूर्व डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री की माता को गाली देने के मामले में कहा कि गाली किसी और ने दी और माफी किसी और से मांगा जा रहा है, यह न्यायोचित नहीं है। इससे पहले शहर पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री का अलग-अलग नेताओं ने जोशीला स्वागत किया।

कांग्रेस के धरना में पहुंचे सिंहदेव का कार्यकर्ताओं ने भी जोरदार अभिनंदन और स्वागत किया। इस दौरान गिरीश देवांगन, संयुक्त महासचिवद्वय पंकज सिंह और ऑफताब आलम के अलावा पूर्व विधायक छन्नी साहू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, अमित चंद्रवंशी, नीरज कन्नौजे समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट