राजनांदगांव

8वीं बटालियन में शान से लहराया तिरंगा
20-Aug-2025 6:44 PM
8वीं बटालियन में शान से लहराया तिरंगा

कमांडेंट नेहा पांडे ने तिरंगे को दी सलामी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 8वीं बटालियन में भी आजादी का जश्न आन-बान-शान के साथ मनाया गया। बटालियन की कमांडेंट  नेहा पांडे ने ध्वजारोहण किया। वहीं उन्होंने तिरंगे को सलामी दी।

इस दौरान स्टॉफ और अन्य जवानों ने परंपरागत रूप से आजादी के पर्व को मनाने के लिए रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। परंपरागत रूप से जवानों ने सलामी देकर तिरंगे की शान में शस्त्र के जरिये राष्ट्रीयता की भावना का प्रदर्शन किया। ध्वजारोहण के पश्चात कमांडेंट द्वारा देश की सुरक्षा को लेकर जवानों की भूमिका पर एक संक्षिप्त उद्बोधन दिया। वहीं कमांडेंट ने नौनिहालों के संग भी आजादी का पर्व मनाया। जवानों ने देशभक्ति गीत से राष्ट्रभावना से सभी को ओतप्रोत कर दिया। देशभक्ति गीतों से परिसर का माहौल विशेष दिन में बदल गया।

एक पेड़ मां के नाम

आजादी के जश्न के खास मौके पर बटालियन परिसर में कमांडेंट समेत अन्य शीर्ष अधिकारियों और जवानों ने एक पेड़ मां के नाम के अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। बटालियन की ओर से प्रत्येक जवानों को पौधा दिया गया। एक पेड़ मां के नाम के अभियान से जुडक़र आठवी बटालियन ने पर्यावरण के प्रति अपनी सहभागिता को जाहिर किया। बटालियन परिसर में काफी उत्साह का माहौल रहा।

बटालियन की कंपनी ने भी मनाया जश्न

देश की आजादी के जश्न में बटालियन की अलग-अलग इलाकों में तैनात कंपनी ने भी तिरंगा लहराकर  पूरे राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाया। आठवीं बटालियन के अधीन कंपनियां बीजापुर, सुकमा, बस्तर जैसे अन्य नक्सल क्षेत्रों में तैनात है। कंपनी के जवानों ने अपने कैम्पों में शान से तिरंगा झंडा लहराया। वहीं गांव के छात्र-छात्राओं के साथ मिठाई बांटकर अपनी खुशी को साझा किया। ग्रामीणों के बच्चों ने कैम्पों में आयोजित कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लिया।


अन्य पोस्ट