राजनांदगांव
3 माह पूर्व हुआ था विवाह, निगम की लापरवाही से हुआ हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 अगस्त। नगर निगम की एक बड़ी लापरवाही से देहात वार्ड कन्हारपुरी में बीती रात को निर्माणाधीन नाला में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे के लिए वार्ड पार्षद महेश साहू ने निगम के अफसरों समेत ठेकेदार कमल सिन्हा के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। वार्ड में घटना को लेकर आक्रोश है। एक नौजवान युवक की मौत के लिए सीधे नगर निगम की निर्माण एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक कन्हारपुरी के रहने वाले आकाश साहू (26 वर्ष) बीती रात को कन्हारपुरी से लखोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान वार्ड के तिरंगा चौक में निर्माणाधीन नाली में वह मोटर साइकिल समेत युवक गिर गया। हादसे में बुरी तरह जख्मी होने के बाद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा कन्हारपुरी-लखोली मार्ग में एक पुराने नाले का गहरीकरण का काम किया जा रहा था। इस निर्माण के दौरान ठेकेदार और निगम के अफसरों ने एक बड़ी लापरवाही बरतते हुए एकमात्र स्टॉपर लगाया था। अंधेरा होने के कारण युवक नाले में गिर गया। जिससे उसको काफी चोंट पहुंचने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीन माह पूर्व ही युवक का लखोली की एक युवती से विवाह हुआ था। संभवत: युवक देर रात को अपने घर से लखोली स्थित ससुराल जा रहा था और वह हादसे का शिकार हो गया। नगर निगम के इस लापरवाही को लेकर वार्ड पार्षद व अन्य लोग काफी गुस्से में है। नगर निगम पर युवक का जान लेने का परिजन आरोप लगा रहे हैं।


