राजनांदगांव

अटल परिसर का मेयर-कलेक्टर ने लिया जायजा शेष काम जल्द पूर्ण करने दिए निर्देश
12-Aug-2025 5:28 PM
अटल परिसर का मेयर-कलेक्टर ने लिया जायजा शेष काम जल्द पूर्ण करने दिए निर्देश

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अगस्त। 
पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी बाजपेयी की स्मृति में शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है। राजनांदगांव में निर्माणाधीन अटल परिसर का सोमवार को महापौर मधुसूदन यादव एवं कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जायजा लेकर निर्माण कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करने निर्देशित किया। वहीं महापौर यादव ने वूमेन-फॉर-ट्री के थीम पर शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण के लिए स्थल तथा पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी की स्मृति में गौरव पथ के पास स्वागत द्वार निर्माण हेतु स्थल का निरीक्षण किया।

अटल परिसर निरीक्षण के दौरान महापौर श्री यादव एवं कलेक्टर डॉ. भुरे ने निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि अटल परिसर में बाउंड्रीवाल, प्रवेश द्वार, फ्लोर एवं पेडेस्टल का निर्माण पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य अंतिम चरण में है। महौपार यादव ने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजना अटल परिसर के तहत प्रदेशभर में अटल जी की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। शासन के मंशानुरूप परिसर का निर्माण किया जाए। अतिशीघ्र अटल परिसर का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष एवं मंत्रियों द्वारा लोकार्पण किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. भुरे ने कहा कि रेलिंग, पत्थर लगाने तथा लाईटिंग का कार्य जल्द पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिससे शासन मापदंड के अनुरूप अटल परिसर का निर्माण हो सकें। निरीक्षण की कड़ी में महापौर यादव ने शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में वूमेन-फॉर-ट्री के तहत वृक्षारोपण के लिए स्थल का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व मंत्री स्व. लीलाराम भोजवानी की स्मृति में चौखडिय़ापारा गौरव पथ के पास स्वागत द्वार निर्माण हेतु स्थल का जायजा लेकर गेट निर्माण करने प्रक्रिया करने कहा। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त को भोजवानी की पुण्यतिथि के अवसर पर गेट निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जाना है।

निरीक्षण के दौरान राजा माखिजा, रेखा अभय पारख, रवि सिन्हा, सतीश साहू, गुरूमुख सिंह वाधवा सहित संजय वर्मा,  प्रणय मेश्राम, गरिमा वर्मा, अशोक देवांगन तथा निगम का अमला उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट