राजनांदगांव
15 को निकलेगी तिरंगा मोटर साइकिल रैली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अगस्त। शहर के यादव समाज द्वारा जिले में आगामी 16 अगस्त को भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस संबंध में समाज के मुखिया मन्ना यादव ने अपने अन्य यादव बंधुओं के साथ गुरुवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि इस वर्ष भी संस्कारधानी नगरी में 16 अगस्त को यादव समाज द्वारा यादवों के आराध्य देवता भगवान श्री कृष्ण की जन्माष्टमी पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसके एक दिन पहले 15 अगस्त को शहर में भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित भव्य तिरंगा मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी। जिसका नगर भ्रमण होगा। इस दौरान शहर में जय यादव-जय माधव की गूंज बनी रहेगी।
प्रेसवार्ता में सुदेश यादव ने बताया कि इस बार श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर शहर में गोकुल वृंदावन की छंटा दिखाई देगी। संस्कारधानी नगरी में यादव समाज के आराध्य देवता लड्डू गोपाल पूरे भक्तिभाव के साथ पूजे जाएंगे। शहर के प्रत्येक वार्डों से भगवान श्री कृष्ण की मनोरम झांकी सहित रैली निकाली जाएगी।
समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता भोला यादव ने बताया कि इस बार भगवान श्रीकृष्ण की पूजा और शोभायात्रा में पुष्प वर्षा करने बाहर से 3-4 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। भगवान लड्डू गोपाल की आकर्षक शोभायात्रा के पीछे-पीछे कलाकार मनोहारी रास लीला करते चलेंगे। इससे पूरा वातावरण श्री कृष्णमय बना रहेगा।
यादव समाज के मन्ना यादव ने बताया कि समाज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने की भव्य तैयारियां की जा रही है। आगामी 16 अगस्त को यादव समाज व शहरवासी महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के समीप स्थित सांहड़ा देव मंदिर में सुबह भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना के लिए उपस्थित होंगे। तत्पश्चात आयोजक मंडल द्वारा धूमधाम के साथ भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान छग विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह से उक्त पूजा अर्चना कार्यक्रम व भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रेसवार्ता में छोटेलाल यादव, महेश यादव, उपेंद्र यादव, रितेश यादव, एमन यादव, राजेश यादव, राकेश यादव, लक्ष्मण यादव, बंटी यादव शामिल थे।
शहर में धूमधाम से निकलेगी शोभायात्रा
समाज के मन्ना यादव ने बताया कि अतिथियों व समाज के वरिष्ठों एवं मुड़ादारों की उपस्थिति में सांहड़ा देव मंदिर में पूजा-अर्चना उपरांत निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा में समाज के बैनर देव ध्वज, मंडई-मेला व राउत नाचा प्रमुख आकर्षण के केंद्र रहेंगे। वहीं शोभायात्रा में श्री कृष्ण के बाल स्वरूप के साथ छत्तीसगढ़ महतारी व तिरंगे झंडे के साथ भारत माताएं दृश्यमान होगी। इसके साथ ही बैंड बाजा के साथ शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की पालकी भी शोभायमान होगी।
इस दौरान विभिन्न वार्डों से आने वाली मनोरम झांकियों में सिर पर पगड़ी धारण किए महिलाएं व राधाकृष्ण का समूह नृत्य के साथ शोभायात्रियों के स्वागत में पेपर कलर फायर आकर्षक का केंद्र रहेगा।


