राजनांदगांव
राजनांदगांव, 3 अगस्त। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 79वें स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा-2025 कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 2 से 15 अगस्त तक किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत राजनांदगांव जिले में भी जनभागीदारी को प्राथमिकता देते विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष कार्यक्रम का थीम ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ है। जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और स्वच्छता के प्रति जनचेतना को सशक्त बनाना। हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त तक, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त तक एवं तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक विभिन्न आयोजन होंगे।
घर तिरंगा कार्यक्रम के प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त तक विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाया जाएगा। इस दौरान रंगोली प्रतियोगिताएं, तिरंगे के स्थानीय इतिहास पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा राखी निर्माण हेतु कार्यशालाएं एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तीन रंगों के धागों से तिरंगे की बुनाई का प्रदर्शन भी होगा। विद्यालयों में तिरंगे के मूल्यों और उसकी भावना से प्रेरित पत्र लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर जनसहभागिता से तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों और खिलाडिय़ों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा कंसर्ट में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तिरंगा रैली, बाइक और साइकिल रैली का आयोजन भी किया जाएगा। तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों एवं पुलों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा रोशनी की जाएगी। इसी अवधि में स्वच्छता और जल संरक्षण से संबंधित विविध गतिविधियां भी संपन्न की जाएगी।
मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक अवसर- सीईओ
जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम सिर्फ एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह नागरिक कर्तव्यों की अभिव्यक्ति है। तिरंगे का सम्मान और स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक अवसर है। जिले में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जनांदोलन के रूप में सफल बनाने का संकल्प लिया गया है। जिसमें हर घर तिरंगा लहराएगा और हर आंगन स्वच्छता का संदेश देगा।
कर्तव्यों के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर- कलेक्टर
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि 2 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत देश की आजादी का यह उत्सव हर गांव एवं शहर में मनाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों को आह्वान किया है कि ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ की थीम से जुड़ते हमें अपने घर में स्वच्छता को अपनाएं तथा तिरंगा लहराएं। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ इस अभियान में जुडऩे की अपील की है।


