राजनांदगांव
जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी, एल्डरमैन के अलावा अन्य पदों पर बारी-बारी होगी नियुक्तियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अगस्त। अगस्त के पूरे महीने में भाजपा सिलसिलेवार नियुक्तियां करेगी। पार्टी ने तिरंगा यात्रा के साथ जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी और एल्डरमैन के पद पर कार्यकर्ताओं को नियुक्त करने की तैयारी कर ली है। जल्द ही जिला संगठन और निकायों में नामांकित पार्षदों की सूची जारी होगी। पार्टी के भीतर लगातार बैठकों का सिलसिला चल रहा है। राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए जाति और अन्य योग्यताओं को भी मनोनयन के लिए आधार बनाया गया है। पार्टी की कसौटी में खरा उतरने वाले कार्यकर्ताओं को संगठन और एल्डरमैन के पद से नवाजा जाएगा। यानी पार्टी में सक्रिय कार्यकर्ता और उनके निष्ठा के प्रतिफल के रूप में नियुक्तियां की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक अगस्त के पूरे महीने में भाजपा जिला संगठन की कार्यकारिणी की घोषणा करेगी। जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत की नियुक्ति के बाद से नई टीम अस्तित्व में अब तक नहीं आ पाई है। लगातार घोषणा के लिए संगठन पर दबाव बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि महामंत्री पद के लिए दो नाम तय कर लिए गए हैं। पूरी संभावना है कि मौजूदा महामंत्री सौरभ कोठारी रिपीट होंगे। इसके अलावा एक और नए कार्यकर्ता को महामंत्री बनाया जा सकता है। वहीं जातिगत समीकरण को भी ध्यान में रखा गया है। महामंत्री के पद पर अनुसूचित जाति वर्ग से पुरूष अथवा किसी महिला कार्यकर्ता को भी मौका दिया जा सकता है। उधर निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियों को लेकर भी सियासी उठापटक चल रही है। राजनंादगांव नगर निगम में सर्वाधिक दांव-पेंच जारी है। नगर निगम में एल्डरमैन के 8 पद के लिए करीब डेढ़ दर्जन उम्मीद हैं। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में एल्डरमैन की घोषणा को लेकर काफी मंथन हुआ है। भाजपा के प्रमुख नेताओं ने अपने करीबियों को एल्डरमैन के पद पर नियुक्ति दिलाने के लिए जोर आजमाईश की है। बताया जा रहा है कि पार्टी ने निकाय चुनाव में कम अंतरों से पराजित प्रत्याशियों को मौका देने पर भी विचार किया है। वहीं महिलाओं को भी एल्डरमैन बनाने पर चर्चा चल रही है। एल्डरमैन बनने के लिए राजनीतिक स्तर पर लॉबिंग भी शुरू हो गई है। संगठन के प्रमुख नेताओं के समक्ष कार्यकर्ता अपना दावा ठोंक रहे हैं। बताया जा रहा है कि महापौर मधुसूदन यादव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी चर्चा की है। साथ ही जिला संगठन के प्रमुख कोमल सिंह राजपूत ने भी अपनी ओर से डॉ. सिंह को आवश्यक सुझाव दिए हैं।
भाजपा मना
रही नियुक्ति
पर्व - कोमल
राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर जिलाध्यक्ष राजपूत ने कहा कि अगस्त के महीने में महत्वपूर्ण राजनीतिक पदों पर नियुक्तियां होगी। सिलसिलेवार नियुक्तियों के माध्यम से संगठन अगस्त के महीने को नियुक्ति पर्व के रूप में मना रहा है। पार्टी के निष्ठावान और संगठन के लिए रचे-बसे कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। जल्द ही सभी नियुक्तियां हो जाएगी।


