राजनांदगांव

जीवन कॉलोनी में निगम ने की कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 जुलाई। नगर निगम द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी होने पर उसे तोडने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही निगम सीमांतर्गत अवैध कालोनी एवं अवैध प्लाटिंग की जांच कर उसे ध्वस्त करने तथा अवैध कॉलोनी भूमि विक्रय पर बाहय विकास शुल्क जमा करने नोटिस जारी किया जा रहा है। जीवन कॉलोनी के पीछे शासकीय नाले की जमीन पर नाली निर्माण की जानकारी होते ही निगम की टीम ने शुक्रवार को नाली को जेसीबी से उखाडऩे की कार्रवाई की।
कार्रवाई के संबंध में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि शहर को व्यवस्थित एवं सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही निगम सीमांतर्गत अवैध प्लांटिंग की जांच कर उसे उखाडऩे के अलावा अवैध कालोनी भूमि विक्रय पर बाहय विकास शुल्क जमा करने नोटिस जारी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जीवन कॉलोनी के पीछे खसरा नं. 279/2 के पास की नाले की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर नाली निर्माण किया जा रहा था, जिसे निगम की टीम ने जेसीबी के माध्यम से उखाडऩे की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि उक्त खसरा भूमि को पूर्व में निगम द्वारा प्रतिबंधित भी किया गया है। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों से कहा कि नगर निगम सीमाक्षेत्र में अवैध कॉलोनी एवं अवैध प्लाटिंग की जांच कर नोटिस जारी करें और यदि संबंधित के द्वारा अवैध प्लाटिंग कार्य बंद नही किया जाता है, तो उनके विरूद्ध निगम प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई करें तथा अतिक्रमण की जानकारी होने पर अतिक्रमण भी हटाएं।