राजनांदगांव

मामले पर टालमटोल का आरोप, कांग्रेस ने घेरा थाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जुलाई। मोहड़ गोलीकांड के कथित मुख्य आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस ने बसंतपुर थाना का घेराव किया।
गुरुवार को कांग्रेस ने जंगी प्रदर्शन करते हुए भाजपा नेता को बचाने के लिए पुलिस को कटघरे में खड़ा किया। करीब डेढ़ माह पूर्व हुए इस घटना में पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा गिरफ्तारियां की है, लेकिन मुख्य सरगना संजय सिंह अब भी फरार है। इस घटना से पुलिस की साख पर सवाल उठाए जा रहे हैं। घटना से कुछ दिन बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मौके का मुआयना किया था। जिसमें उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बात की थी। बताया जा रहा है कि भाजपा से जुड़े संजय सिंह को बचाने के लिए पुलिस पर ‘ऊपरी’ दबाव है।
पुलिस ने घटना में शामिल कुछ आरोपियों को मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों से गिरफ्तार किया था, लेकिन पुलिस पर संजय सिंह को ढील देने का कांग्रेस ने आरोप लगाकर कल जबर्दस्त प्रदर्शन किया। थाना घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी नेताओं से सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक और थाना प्रभारी एमन साहू ने कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी है। जिसमें दोनों अफसरों ने जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस अफसरों पर काम करने का आरोप लगाया है। कांग्रेसियों का आरोप है कि पुलिस सिर्फ मुख्य आरोपी को छोडक़र अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर खानापूर्ति कर रही है। प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में काफी गहमा-गहमी रही। हाथों में तख्तियां लेकर थाना परिसर में दाखिल हुए। काफी शोर-शराबे के बीच कांग्रेस का प्रदर्शन खत्म हुआ। प्रदर्शन में मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी, शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, धनेश पाटिला, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, कांग्रेसी नेता आफताब आलम, जिलाध्यक्ष भागवत साहू, पदम कोठारी, मेहुल मारू, श्रीकिशन खंडेलवाल, सूर्यकांत जैन, आसिफ अली, अमित चंद्रवंशी झम्मन देवांगन, प्रवीण मेश्राम, संतोष पिल्ले, शरद पटेल, विनय झा, शकील रिजवी, आफताब अहमद, रूपेश दुबे, मानव देशमुख, राजेश चौहान, माया शर्मा, कांति बंजारे, प्रज्ञा गुप्ता, नीरज कन्नौज, राजू खान, अब्बास खान समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।
वार्डों में फूंकेंगे सीएम-गृहमंत्री का पुतला
मोहड़ गोलीकांड में मुख्य आरोपी को कथित रूप से छूट देने का आरोप लगाते कांग्रेस ने शहर के हर वार्ड में सीएम और गृहमंत्री का पुतला फूंकने का ऐलान किया। शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि भाजपा पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार नहीं करने के लिए दबाव बना रही है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से भाजपा सरकार के दबाव में है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ पदाधिकारी और प्रमुख सांगठनिक नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी नहीं चाहते हैं। यह एक बड़ा गंभीर विषय है। 7 दिन के अंदर गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस शहर के हर वार्ड में दो दिन के अंतराल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा और राजनांदगांव के विधायक का पुतला दहन करेगी। छाबड़ा ने कहा कि गोलीकांड के आरोपी को शह देकर भाजपा ने साबित कर दिया कि अपराधियों की सत्ता में दखल है।