राजनांदगांव

चैतन्य की गिरफ्तारी पर कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा ईडी और भाजपा का पुतला फूंककर जताया विरोध
19-Jul-2025 3:32 PM
चैतन्य की गिरफ्तारी पर कांग्रेसियों का फूटा गुस्सा  ईडी और भाजपा का पुतला फूंककर जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 19 जुलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल को ईडी द्वारा गिरफ्तार करने के विरोध में शनिवार को कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय कांग्रेसियों ने केंद्र और राज्य सरकार के इशारे पर चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के लिए ईडी को आड़े हाथ लिया। भाजपा सरकार पर प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने कई संगीन आरोप लगाए। जिसमें राज्य में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के अलावा कार्यकर्ताओं में डर का माहौल पैदा करने का आरोप है।

स्थानीय कांग्रेसियों ने चैतन्य की गिरफ्तारी का हर स्तर पर विरोध करने का संकल्प लिया। पूर्व सीएम बघेल के अलावा उनके परिजनों के साथ स्थानीय कांग्रेसियों ने साथ खड़े होने की बात कही। प्रदेश कांग्रेस ने समूचे राज्य में इस गिरफ्तारी के खिलाफ धरना प्रदर्शन और पुतला फूंकने का आह्वान किया था। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा की अगुवाई में ईडी और भाजपा का पुतला फूंका गया। चैतन्य पर लगाए गए आरोपों को सिरे से कांग्रेसियों ने खारिज किया है। नारेबाजी करते कांग्रेसियों ने भाजपा पर षडयंत्र  करने का आरोप लगाया है। इस बीच कांग्रेसियों ने जयस्तंभ चौक में जमकर नारेबाजी की। 

 कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार को मुख्य साजिशकर्ता करार दिया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू,  आफताब आलम, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, श्रीकिशन खंडेलवाल, विवेक वासनिक, पदम कोठारी, महेन्द्र यादव, अशोक फडनवीस, मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, आसिफ  अली, अमित चंद्रवंशी, झमन देवांगन, आफताब अहमद, प्रवीण मेश्राम, शारदा तिवारी शामिल थे।


अन्य पोस्ट