राजनांदगांव

छग हॉकी टीम की जीत, गुजरात को हराया चैम्पियनशिप में छग टीम बनी बी डिवीजन चैम्पियन
09-Jul-2025 4:47 PM
छग हॉकी टीम की जीत, गुजरात को हराया चैम्पियनशिप में छग टीम बनी बी डिवीजन चैम्पियन

छत्तीसगढ़ संवाददाता

राजनंादगांव, 9 जुलाई। हॉकी इंडिया नई दिल्ली के मार्गदर्शन में हॉकी झारखंड द्वारा आयोजित 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते गुजरात की टीम को 8-2 से पराजित किया। इस जीत के साथ ही छत्तीसगढ़ की टीम ने बी डिवीजन से ए डिवीजन में क्वालीफाई करते विजेता होने का गौरव हासिल किया। हॉकी इंडिया के महासचिव एवं एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ टीम की शानदार उपलब्धि को सराहा। उन्होंने खिलाडिय़ों से मुलाकात कर बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी।

छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष एवं  हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज अंसारी ने बताया कि 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 3 से 14 जुलाई तक झारखंड की राजधानी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ  स्टेडियम में हुआ। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने गुजरात के खिलाफ  शानदार प्रदर्शन करते 8-2 से जीत दर्ज की और हैट्रिक के साथ लगातार तीन मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाया।

गुजरात के खिलाफ  खेले गए इस मैच में छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी मनप्रीत ने 4 गोल, ट्विंकल ने 3 गोल और अंजलि एक्का ने एक गोल किया। इस मैच में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने पर छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी मनप्रीत को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड प्रदान किया गया। इससे पूर्व छत्तीसगढ़ ने वेस्ट बंगाल को 5-0 और तमिलनाडु को 2-1 से हराया था। रांची में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर की 28 प्रतिष्ठित टीमों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ हॉकी टीम के कोच और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने कहा कि टीम ने इस प्रतियोगिता में सभी मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की टीम इस प्रतियोगिता में बी डिवीजन में सबसे कम गोल खाने वाली टीम बनी। इस उपलब्धि में टीम के गोलकीपर नौरीन हयात अंसारी, विशाखा और डिफेंस लाइन के खिलाड़ी केसर साहू, अंजलि एक्का, जिज्ञासा कश्यप, सुधा साहू, स्मिता कुजूर, सरिता, श्यामली, सुरेखा और अजमत का शानदार योगदान रहा।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ की टीम ने इस प्रतियोगिता के दौरान अपने पूल में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड भी बनाया। टीम के स्ट्राइकर ट्विंकल, दुबी रावत, मनप्रीत, रिया खालको, काव्या, रश्मि और संजना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर ने इस शानदार प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के सचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि खेले गए तीनों मैच मे प्लेयर ऑफ द  मैच का अवार्ड छत्तीसगढ़ के ही खिलाडिय़ों को प्राप्त हुआ है। छत्तीसगढ़ टीम के इस शानदार उपलब्धि में टीम के कोच अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, सहायक कोच दीपेश चौबे और टीम मैनेजर सुप्रिया तिग्गा की अहम भूमिका रही है। छत्तीसगढ़ टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर  प्रदेश के खेलप्रेमी जनता ने बधाई दी।


अन्य पोस्ट