राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव, 4 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के अथक प्रयासों से मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राजनांदगांव जिले के विभिन्न ग्रामों में लगभग 2 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से कुल 60 विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है।
इसमें राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के 18 गांव के लिए 1 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें ग्राम मुड़पार में 10 लाख, रानीतराई एवं भोथीपारखुर्द में 3 लाख की लागत से शेड निर्माण, ग्राम बरगा, इंदामारा, फरहद में 6.5 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, ग्राम पार्रीखुर्द एवं जंगलेसर में 7.80 लाख की लागत से और ग्राम सुकुलदैहान, बम्हनी, भानपुरी व रीवागहन में 5.20 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण, ग्राम जंगलेसर, रीवागहन व रवेली में 5.20 लाख की लागत से निर्मला घाट निर्माण के साथ ग्राम धनगांव व बरगा में 5.91 लाख, ग्राम बॉकल में 3.94 लाख की लागत से नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा।
राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने इन 18 विकास कार्यों की स्वीकृति पर हर्ष व्यक्त करते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आभार व्यक्त करते कहा कि डॉ. रमन ने हमेशा गांवों की जरूरतों को प्राथमिकता दी है। इन विकास कार्यों से गांवों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और जीवनस्तर ऊंचा होगा। यह हमारे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।
डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते कहा कि यह स्वीकृति भाजपा सरकार की ग्रामोन्मुख नीतियों और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गांवों को एक नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है। यह योजनाएं संरचनात्मक विकास नहीं, ग्रामीणों के जीवन में आशा और विश्वास का संचार है।