राजनांदगांव

दो बच्चों की मां की हत्या, खैरागढ़ के खैरबना गांव की घटना
27-Jun-2025 4:24 PM
दो बच्चों की मां की हत्या, खैरागढ़ के खैरबना गांव की घटना

स्कूल से लौटे बच्चों की सूचना पर घटना आई सामने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 जून। खैरागढ़ जिले के खैरबना गांव में एक दो बच्चों की मां की जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार  देर शाम की है। स्कूल से लौटे बच्चों की सूचना पर पड़ोसियों ने महिला को खून से लथपथ मृत हालत में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा होने के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। खैरागढ़ एएसपी नितेश गौतम ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि महिला की हत्या की गई है। अज्ञात आरोपियों की पुलिस खोजबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि दो साल पहले मृतिका के पति की टीबी रोग से मौत हो गई थी। वह खैरबना स्थित अपने ससुराल खैरबना गांव में अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी।

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ जिले के ग्राम खैरबना गांव में एक महिला की उसके ही घर में संदिग्ध अवस्था में हत्या कर दी गई। मृतिका की पहचान 30 वर्षीय मोहिनी साहू के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां है। बताया गया कि घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब उसके बच्चे स्कूल से लौटे और दरवाजा खटखटाते रहे। दरवाजा नहीं खुला तो बच्चों ने पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा खुलते ही कमरे के भीतर मोहिनी की लाश खून से लथपथ थी। बताया गया कि महिला के गर्दन और सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 की है। सूत्रों का कहना है कि मृतिका मोहिनी साहू के पति कीर्तन साहू की मौत दो वर्ष पहले ही चुकी है। वह कुछ समय पूर्व ही अपने मायके छुईखदान के पदमावतीपुर से खैरबना लौटी थी और अकेले बच्चों के साथ रह रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


अन्य पोस्ट