राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जून। बारिश के मौसम के दृष्टिगत शुक्रवार को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सघन पौधरोपण किया गया। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देश पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण किया गया। जिलेभर में लगभग 18 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सभी ने पौधरोपण करने के बाद पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सभी ने प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कलेक्टर डॉ. भुरे ने जिलेवासियों से बारिश के मौसम में पौधे लगाने की अपील की है। उन्होंने सभी नागरिकों से आव्हान करते कहा कि आइए हम अपने शहर एवं गांव को हरा भरा बनाएं। धरती की हरीतिमा, पर्यावरण की रक्षा के लिए अपना दायित्व निभाते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान में सहभागिता निभाएं।
जिले में कलेक्टोरेट, जिला पंचायत, कृषि, कौशल विकास प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, रेशम, पशु चिकित्सा, आदिम जाति कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण, नगर पंचायत डोंगरगढ़, नगर पंचायत छुरिया, स्वास्थ्य, विद्युत, बीज निगम, नगर पालिक निगम, लोक निर्माण, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, क्रेडा, उप जेल, मछली पालन, लीड बैंक मैनेजर, सहकारी संस्थाएं, शिक्षा, आयुष, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर तथा ग्राम निवेश,राज्य कर, विपणन, स्टेट वेयर हासिंग कार्पोरेशन, जनपद पंचायत छुरिया, जिला व्यापार एवं उद्योग, खनिज, नगर पंचायत डोंगरगढ़, कृषि उपज मंडी, गृह निर्माण मंडल, जनपद पंचायत राजनांदगांव सहित अन्य विभागों व कार्यालयों में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सघन पौधरोपण किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत ग्राम भंडारपुर, चिरचारीकला, थैलीटोला, भोलापुर में पौधरोपण किया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण किया। एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, एसडीएम डोंगरगढ़ अभिषेक तिवारी ने तहसील परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर तहसील कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग समीर शर्मा द्वारा सोमनी स्थित जल शुद्धिकरण संयंत्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पीएचई विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कलेक्टर ने पत्नी संग किया पौधरोपण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जून। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे एवं उनकी पत्नी रश्मि भुरे ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत नीम का पौधरोपण किया। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने नीम का पौधरोपण किया। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, संयुक्त कलेक्टर सरस्वती बंजारे, डिप्टी कलेक्टर शिल्पा देवांगन, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी पौधरोपण किया। इस अवसर पर सभी ने नीम, आम जामुन, कोलियारी, काजू, शहतूत एवं विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए।
महापौर व पार्षदों ने लगाए 80 पौधे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जून। नगर निगम द्वारा वृक्षारोपण महाभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत लगभग 7 हजार पौधे निगम सीमाक्षेत्र में लगाने का लक्ष्य है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए शुक्रवार को जल संयंत्र गृह मोहारा में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव एवं कृषि उपज मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने पार्षदों एवं अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ विभिन्न प्रजाति के 80 पौधे रोपित किए।