राजनांदगांव

गोलीकांड के आरोपी को बचाने भाजपा का पर्दा डालने का प्रयास शर्मनाक-मुदलियार
20-Jun-2025 3:21 PM
गोलीकांड के आरोपी को बचाने भाजपा का पर्दा डालने का प्रयास शर्मनाक-मुदलियार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 जून। मोहड़ में हुए गोलीकांड ने एक बार फिर भाजपा के दोहरे चरित्र और जनविरोधी मानसिकता को उजागर कर दिया है। इस कांड में शामिल प्रमुख आरोपी संजय सिंह को लेकर भाजपा और पुलिस प्रशासन का रवैया अत्यंत संदिग्ध, पक्षपाती और जनविरोधी है। कांग्रेस नेता जितेंद्र मुदलियार ने गोलीकांड के मामले में बयान जारी कर भाजपा को घेरा है।

कांग्रेस नेता जितेंद्र मुदलियार ने सवाल उठाया कि जब एक ऑडियो के आधार पर एक पुलिस निरीक्षक को निलंबित किया जा सकता है, तो उसी आधार पर आरोपी संजय सिंह को बचाया क्यों जा रहा है? क्या यह स्पष्ट संकेत नहीं है कि भाजपा और पुलिस प्रशासन आरोपी को संरक्षण देने में लगे हुए हैं?

उन्होंने कहा कि मोहड़ में जब ग्रामीणों ने भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत से संजय सिंह को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वे संजय सिंह को नहीं जानते, यह एक सफेद झूठ है। संजय सिंह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी हैं  और एबीवीपी स्वयं भाजपा की छात्र इकाई है। ऐसे में यह दावा करना कि पार्टी का कोई लेना-देना नहीं, भाजपा की नैतिक दिवालियापन और राजनीतिक पाखंड का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि पार्षद संजय रजक के मामले में भी भाजपा की दोहरी नीति सामने आ गई है। सार्वजनिक रूप से भाजपा के कार्यक्रमों में भाग लेने, भाजपा का गमछा पहनने और विधायक डॉ. रमन सिंह के अलावा पार्टी नेताओं के साथ मंच साझा करने वाले संजय रजक को पार्टी अब कार्यकर्ता मानने से इंकार कर रही है। यह झूठ जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।

 

श्री मुदलियार ने कहा कि  आज मोहड़ के ग्रामीण भय के वातावरण में जी रहे हैं। गोली चलवाने वाले खुलेआम घूम रहे हैं। जबकि पीडि़त चुप कराने की कोशिशों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में भाजपा के विधायक डॉ. रमन सिंह ने भी पीडि़तों से संवाद करने की आवश्यकता समझी। यह सत्ता का घमंड नहीं तो और क्या है? इस दौरान डॉ. रमन जिले के प्रवास पर भी रहे, लेकिन उन्होंने ग्रामीणों की कोई सुध नहीं ली।

उन्होंने कहा कि जनता की मांग है कि निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की जाए। ऑडियो साक्ष्यों के आधार पर संजय सिंह को तत्काल आरोपी बनाया जाए और उसकी गिरफ्तारी हो। भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत अपने भ्रामक बयानों पर स्पष्टीकरण दें। कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि भाजपा अब झूठ और संरक्षण की राजनीति से बाज आए,  वरना जनता सडक़ों पर उतरकर न्याय के लिए संघर्ष करेगी।


अन्य पोस्ट