राजनांदगांव
जल संरक्षण के लिए किया आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जून। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रविवार को गांधी सभागृह में आयोजित पानी बचाओ महाभियान, नीर और नारी जल यात्रा में शामिल हुए। डॉ. सिंह ने कहा कि विगत तीन माह से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए नीर और नारी जल यात्रा का सघन अभियान चलाया गया। जिसका आज समापन है।
पद्मश्री फुलबासन यादव के नेतृत्व में बढ़ते तापमान में भी गांव की गलियों तक पहुंचकर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए संघर्षपूर्ण कार्य किया गया। पद्मश्री फुलबासन यादव में ऐसा चमत्कार एवं जीवटता है। उनका नाम राजनांदगांव जिले से जुड़ा है और यहां की मिट्टी से जुड़ा है। उन्होंने अपनी मेहनत से समाज के लिए अपनी सेवाएं समर्पित की।
डॉ. सिंह ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री के रूप में वे ईजराइल भ्रमण पर गए थे, वहां रेत ही रेत है और समुद्र का खारा पानी है। इजराइल में 650 किलोमीटर दूर स्थित जार्डन लेक रिवर से पंप के माध्यम से पानी खींचकर पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। ईजराइल ही ऐसा देश है, जहां पानी नहीं होने के बावजूद पंप से पानी लेकर खेती की जा रही है। आज ईजराइल दुनिया में एक बड़ा सब्जी का उत्पादक देश है। रिसायकल, रिचार्जिंग के माध्यम से पानी का उपयोग किया जा सकता है। जिले में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जल संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहा है। पद्मश्री फुलबासन यादव एवं उनकी टीम द्वारा जल संरक्षण की संरचना, खेत का पानी खेत में, गांव का पानी गांव में एवं सघन पौधरोपण के लिए किया जा रहा है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी को जल संरक्षण के लिए शपथ दिलाई। इस दौरान अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर नागरिकों की दुखद मृत्यु पर सभी ने मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पेट्रोल से महंगा हो सकता है पानी
पद्मश्री फूलबासन यादव ने बताया कि पानी बचाओ अभियान के तहत जिले में जल यात्रा गांव-गांव के हरेक गलियों में निकाली गई है और नागरिकों को पानी संरक्षण एवं संवर्धन के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि पानी का संरक्षण एवं संवर्धन नहीं करने से आने वाले समय में पेट्रोल से भी महंगा पानी हो सकता है।
फुलबासन का सम्मान
इस अवसर पर पद्मश्री फुलबासन यादव को अभियान में भागीदारी के लिए शाल-श्रीफल देकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सचिन बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, सौरभ कोठारी, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम खेमलाल वर्मा सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में हरियाली बहनी एवं नगरवासी उपस्थित थे।
10 हजार से अधिक रोपे जाएंगे पौधे
सांसद संतोष पांडे ने जिले में लगातार जल स्तर नीचे जाने पर चिन्ता व्यक्ति करते कहा कि पानी बचाओ महाअभियान बहुत जरूरी है। आने वाली पीढिय़ों के लिए जल संरक्षण करना होगा। पानी का संरक्षण मानव के लिए ही नहीं, बल्कि सभी जीव-जन्तु के लिए उपयोगी है। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि पानी बचाने के लिए जिलेभर में पानी बचाओ महाअभियान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पानी का उत्पादन नहीं किया जा सकता है इसके लिए पानी का संरक्षण बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष शहर में 10 हजार से अधिक पौधे रोपण किया जाएंगे। जिससे शहर को हराभरा बनाया जाएगा।


