राजनांदगांव
राजनांदगांव, 14 जून। छत्तीसगढ़ हॉकी की सब जूनियर बालिका हॉकी टीम के लिए एक दिवसीय चयन स्पर्धा विगत दिनों अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनंादगांव में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। जिसमें छत्तीसगढ़ हॉकी से मान्यता प्राप्त जिले एवं संस्थानों से कुल 76 बालिका हॉकी खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी 3 से 14 जुलाई तक रॉची झारखंड में 15वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका हॉकी चैम्पियनशिप आयोजित की जा रही है। इसके लिए राज्य की टीम के संभावित खिलाडिय़ों का चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 26 खिलाडिय़ों का चयन किया गया। चयन पश्चात् 26 संभावित सब जूनियर बालिका हॉकी खिलाडिय़ों का प्रशिक्षण शिविर बहुत जल्द अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम राजनांदगंव में आयोजित किया जाएगा। नेशनल चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ अपना पहला मैच 3 जुलाई को दादर नगर हवेली के साथ खेलेगी। उक्त चयन स्पर्धा में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, एनआईएस हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, साई के हॉकी कोच परमजीत सिंह, रायपुर हॉकी अकादमी के प्रहलाद तांडी, विष्णु यादव, खेलो इंडिया सेंटर बस्तर के कोच कार्तिक यादव, शैलेन्द्र वर्मा, हिमांशु कबीरधाम से तथा आशा थॉमस, कृष्णा यादव, हिमांशु मलिक, आयुष साहू आदि उपस्थित थे।


