राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून। भजन-कीर्तन एवं मानस के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। गौसेवा एवं पर्यावरण संदेशा समिति हाथीकन्हार व अंबागढ़ चौकी की अगुवाई में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर नागरिको को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
अं. चौकी ब्लॉक मुख्यालय में मंगलवार को विश्व प्र्यावरण दिवस पर विविध आयोजन किए गए। गौ सेवा व पर्यावरण संदेशा समिति के बैनर तले नगर में प्रात: जनजागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया गया। रैली का शुभारंभ वन परिसर अंबागढ़ चौकी से हुआ, जो नगर के मुख्य मार्गों में भ्रमण करते शिवनाथ नदी के किनारे स्थित मुक्तिधाम में जाकर समाप्त हुआ।
रैली में पर्यावरण संरक्षण दिशा में काम करने वाले कार्यकर्ता तख्तिया व नारेबाजी करते लोगों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे आकर कार्य करने का आह्वान कर रहे थे।
रैली के बाद गौठान व मुक्तिधाम परिसर में गौसेवा व पर्यावरण संदेशा समिति ने फल-फूल व छायादार पौधों का रोपण किया। पौधरोपण के बाद गौठान में भजन कीर्तन, सेवा गीत एवं रामयाण पाठ का आयोजन किया गया, जहां मानस की चौपाईयों के माध्यम से प्रकृति का महत्व समझाया गया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम संत बालकदास के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर गौसेवा व पर्यावरण संदेशा समिति के प्रमुख रामदयाल साहू ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति परंपरानुसार वर्षभर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करती है और अगे भी करती रहेगी। संत बालकदास ने नागरिकों व धर्मप्रमियों को प्रकृति से जुड़े रहने पौधरोपण करने प्रेरित किया।