राजनांदगांव

खैरागढ़ जिले में हादसों में दो की मौत
08-Jun-2025 4:21 PM
खैरागढ़ जिले में हादसों में दो की मौत

 वाहन की टक्कर से वृद्ध किसान व ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून
। खैरागढ़ जिले में दो अलग-अलग सडक़ हादसों में एक वृद्ध किसान की जहां वाहन की ठोकर लगने से मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पलटने से चालक की जान चली गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ अनुभाग के गातापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तेलीटोला और धौराभाठा के बीच बीते गुरुवार शाम को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने 70 साल के किसान को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान बरबसपुर निवासी संतरू धुर्वे के रूप में हुई। वह अपने साइकिल से ससुराल चिचका जा रहा था। 5 जून की शाम को यह घटना हुई। जिसमें वृद्ध किसान सडक़ किनारे खून से लथपथ मृत हालत में मिला। मृतक के छोटे बेटे रामविलास धुर्वे ने घटना की जानकारी मिलने के बाद जब मौके का रूख किया तो पिता उसके मृत अवस्था में मिले। अज्ञात वाहन के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।  
 

इधर छुईखदान ब्लॉक के कल्लेपानी गांव में शनिवार को एक हादसे में 32 साल के युवक शोभित गोंड की जान चली गई। बताया जा रहा है कि खेत की जुताई कर घर लौटते वक्त ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें चालक शोभित गोंड की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। बकरकट्टा थाना क्षेत्र के कल्लेपानी गांव में शनिवार दोपहर 12 बजे यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि ढलान पर ट्रैक्टर को मृतक नियंत्रित नहीं कर पाया। जिसके चलते यह हादसा हुआ।


अन्य पोस्ट