राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जून। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 अंतर्गत किसानों को नवीनतम तकनीक के प्रति जागरूक करने तथा शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी देने शुक्रवार को छुरिया विकासखंड के ग्राम गर्रापार में शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव एवं कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, अरहर मिनी कीट, किसान क्रेडिट कार्ड, धान बीज, कृषि ऋण चेक का वितरण किया। इस अवसर पर कृषि रथ के माध्यम से किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान किसानों के लिए शासन की महत्वपूर्ण पहल है। आज कृषि विभाग एवं कृषि विभाग से जुड़े अन्य विभाग शासन की योजनाओं की जानकारी देने पहुंचे है।
उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पाण्डेय ने बताया कि कृषि रथ में प्रधानमंत्री किसान निधि, जैविक खेती, परंपरागत खेती, उन्नत बीज, उन्नत कृषि यंत्र, वैकल्पिक व संतुलित उर्वरक उपयोग, फसल चक्र परिवर्तन, जल संरक्षण, मूल्य संवर्धन प्रसंस्करण अंतर्गत लघु धान्य फसलों के संबंध में बताया गया। कृषि रथ में उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के साथ ही मछली पालन विभाग, पशुपालन विभाग के योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
इस अवसर पर शाल एवं श्रीफल प्रदान कर शत्रुराम, भागवत, परवीन बाई, विष्णुराम, पुरन दास को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संजय सिन्हा, रविन्द्र वैष्णव, श्रीकांत कोर्राम, राजेश शर्मा, गुंजन झा, डॉ. अरूप चटर्जी, मुनीष शर्मा, प्रभात मिश्रा, अकांक्षा साहू, हिरेन्द्र साहू, अजय साहू, बालमुकुंद कुंजाम, ओमप्रकाश चंद्रवंशी एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित थे।


