राजनांदगांव

सवा साल तक पदस्थ रहे आईजी ने नक्सल मोर्चे और कानूनी व्यवस्था पर दिया जोर
21-Apr-2025 3:38 PM
सवा साल तक पदस्थ रहे आईजी ने नक्सल मोर्चे और कानूनी व्यवस्था पर दिया जोर

सरगुजा स्थानांतरित हुए आईजी झा ने चारों जिलों की निगरानी में झोंकी थी ताकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 अप्रैल। राजनांदगांव रेंज में सवा साल के कार्यकाल में आईजी दीपक झा ने नक्सल मोर्चे से लेकर कानून व्यवस्था पर जोर लगाकर रेंज में सख्त पुलिसिंग की। परिणामस्वरूप रेंज के चारों जिलों में संवेदनशील माने जाने वाले मोहला-मानपुर और कवर्धा जिले में आईजी की सतत निगरानी से नक्सल मोर्चे में कामयाबी मिली।

    मोहला-मानपुर और कवर्धा जिले में नक्सल सरेंडर भी हुए। वहीं नक्सलियों के नेटवर्क को भी ध्वस्त किया। राजनांदगांव और खैरागढ़ जिले में भी आईजी लगातार अफसरों की बैठक लेकर  कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने पर डटे रहे।

राजनांदगांव रेंज में बतौर डीआईजी पदस्थ हुए श्री झा  इस साल जनवरी 2025 में आईजी पदोन्नत हुए। उनकी  कार्यशैली सख्त पुलिसिंग की रही है। इस बीच झा ने अपने कार्यकाल में आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए अभियान भी चलाया। खासतौर पर उन्होंने गुमशुदा और नाबालिग बच्चों के प्रति पुलिस के रवैये को उदार बनाया। 2007 बैच के झा अब सरगुजा जैसे एक अहम रेंज में पदस्थ होंगे। आज-कल में वह राजनांदगांव से रिलीव होकर सरगुजा रवाना हो जाएंगे।

 

नए आईजी शांडिल्य कल सम्हालेंगे प्रभार

नए आईजी अभिषेक शांडिल्य संभवत: मंगलवार को पदभार ग्रहण करेंगे। फिलहाल वह राजधानी रायपुर में अपने मौजूदा विभागीय कामकाज का निपटारा कर रहे हैं। 2007 बैच के शांडिल्य ने सीबीआई में करीबन 7 साल तक लंबा कार्य किया।  वह सुकमा और बलौदाबाजार एसपी भी रहे। शांडिल्य की आईपीएस बिरादरी में अच्छे अफसरों में गिनती होती है। वह सीबीआई में प्रतिनियुक्ति के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य के प्रमुख अफसर रहे। बाद में वह अपने गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में लंबे समय तक सीबीआई अफसर के रूप में पदस्थ रहे।


अन्य पोस्ट