राजनांदगांव

प्रदेश के पर्यटन स्थलों को सजाने-संवारने का काम हमारी प्राथमिकता - नीलू
18-Apr-2025 2:29 PM
प्रदेश के पर्यटन स्थलों को सजाने-संवारने का काम हमारी प्राथमिकता - नीलू

सीएम साय के मुख्य आतिथ्य में नीलू ने ग्रहण किया पदभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल।
  छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष नीलू शर्मा ने रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने समारोह की अध्यक्षता में यह गरिमामयी कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  साय ने राजकीय गमछा, पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंटकर नवनियुक्त अध्यक्ष का अभिनंदन किया। विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य नागरिकों से भरे खचाखच ऑडिटोरियम में पदभार ग्रहण करने के नवनियुक्त अध्यक्ष को सभी लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री साय ने पदभार ग्रहण और अभिनंदन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते कहा कि छत्तीसगढ़ में सरगुजा से लेकर बस्तर तक पर्यटन की अपार संभावना है। राज्य में डबल इंजन की सरकार के प्रभावी कदमों से बस्तर में नक्सलवाद अपनी आखिरी सांसें गिन रहा है। नक्सलवाद के खात्मे के बाद वहां पर्यटन के नए द्वार खुलेंगे। अबूझमाड़ भी अबूझ नहीं रहेगा। वहां भी विकास की रोशनी पहुंचेगी। पर्यटन के क्षेत्र में राज्य का भविष्य उज्जवल है। इसमें रोजगार की भी बहुत संभावना है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने समारोह में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की जैव विविधता और ऐतिहासिक धरोहर बेमिसाल है। पर्यटन की दृष्टि से यहां की ये दोनों खासियतें अभी तक अनएक्सप्लोर्ड है। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर भी जल्दी ही पर्यटन के लिए पूरी तरह खुल जाएगा। यह हिंदुस्तान का सबसे बड़ा टूरिस्ट डेस्टिनेशनबन सकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जंगल बेहद मोहक है। यहां से बेहतर जंगल और कहीं नहीं है। 

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष नीलू शर्मा ने स्वयं को दी गई बड़ी जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते कहा कि यह मेरे लिए नई चुनौती और नया अवसर है। छत्तीसगढ़ को देश-दुनिया में पहचान दिलाने का सौभाग्य मिल रहा है। यहां के पर्यटन स्थलों को सजाने-संवारने का काम करेंगे। पर्यटन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाली गतिविधियों को धरातल पर उतारेंगे।

 

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि राज्य में पर्यटन का क्षेत्र काफी संभावनाओं से भरा हुआ है। सरकार ने यहां पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया है। इससे इस क्षेत्र के विकास को और गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दो ऊर्जावान युवाओं को महती जिम्मेदारी मिली है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष नीलू शर्मा की अगुवाई में यहां पर्यटन का तेजी से विकास होगा।

कार्यक्रम में  कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप तथा खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पाण्डेय, विजय बघेल, पूर्व सांसद अशोक शर्मा, विधायकगण राजेश मूणत, अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, किरण सिंहदेव, ईश्वर साहू, सुशांत शुक्ला, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, निगमए मंडल, आयोग के अध्यक्षगण एवं महापौर भी पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट