राजनांदगांव

जातिगत समीकरण में हफीज नहीं हुए फीट, 4 बार के पार्षद पिल्ले नेता प्रतिपक्ष
17-Apr-2025 2:57 PM
जातिगत समीकरण में हफीज नहीं हुए फीट, 4 बार के पार्षद पिल्ले नेता प्रतिपक्ष

मुकेश साहू को उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 अप्रैल।
राजनांदगांव नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति में 4 बार के पार्षद संतोष पिल्ले ने बाजी मार ली है। वहीं मुकेश साहू को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। पिल्ले पिछली कांग्रेस के शहरी सरकार में एमआईसी मेम्बर भी थे। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पार्षद हफीज खान का नाम नेता प्रतिपक्ष के लिए काफी आगे था। जातिगत समीकरण में कांग्रेस संगठन ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष का मौका नहीं दिया। 

वजह यह है कि अंबिकापुर  नगर निगम में पार्टी ने मुस्लिम चेहरे को नेता प्रतिपक्ष बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पहले हफीज के नाम पर सहमत थे। राजनीतिक परिस्थिति बदलने के बाद हफीज के बजाय नांदगांव में पिल्ले की किस्मत साथ दे गई।  संतोष पिल्ले पर सभी को साथ लेकर चलने की एक बड़ी चुनौती भी रहेगी। हालांकि राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या 8 है। वहीं बागी होकर चुनाव लड़े पार्षद भी कांग्रेस से जुड़ गए हैं। इस तरह लगभग 10 पार्षदों को विपक्ष की भूमिका निभानी होगी। कांग्रेस के भीतर गुटीय लड़ाई पूरी तरह से हावी है। निगम की सियासत में भी अंदरूनी कलह और मतभेद से कांग्रेस अलग नहीं है। ऐसे में पिल्ले को संगठित होकर विपक्ष में आवाज बुलंद करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।


अन्य पोस्ट