राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अप्रैल। छत्तीसगढ़ सरकार के प्रस्ताव पर केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने मुहर लगाते राजनांदगांव में 6.36 करोड़ रुपए की लागत से 800 मीटर लंबे 4 लेन के सिंथेटिक ट्रैक निर्माण की मंजूरी दे दी है। यह ट्रैक दिग्विजय स्टेडियम में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत तैयार किया जाएगा। इस ट्रैक के निर्माण से जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।
जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने कहा कि इस स्वीकृति से खेलप्रेमियों में भारी उत्साह है। विश्वस्तरीय सुविधाओं के बीच स्थानीय धावकों को अपने कौशल को निखारने का सुनहरा अवसर मिलेगा। साथ ही नए खिलाडिय़ों को तैयार करने में भी यह ट्रैक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अगली पीढ़ी के खिलाड़ी अब बेहतर संसाधनों के साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में पूर्व मुख्यमंत्र ी डॉ. रमन सिंह की विशेष भूमिका रही है। मोनू बहादुर सिंह ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते कहा कि डॉ. रमन सिंह की अनुशंसा और लगातार प्रयासों के कारण ही राजनांदगांव को यह खेल सुविधा प्राप्त हुई है। इससे पूर्व भी उनके प्रयासों से शहर को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और दिग्विजय स्टेडियम में मल्टी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं प्राप्त हुई है। इसके साथ ही मोनू बहादुर सिंह ने इस उपलब्धि के लिए सांसद संतोष पांडे का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से राजनांदगांव आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख खेल केंद्र बनकर उभरेगा।