राजनांदगांव

दुर्ग में मासूम से रेप-हत्या, कांग्रेस ने सीएम का फूंका पुतला
08-Apr-2025 2:32 PM
दुर्ग में मासूम से रेप-हत्या, कांग्रेस ने सीएम का फूंका पुतला

गृहमंत्री से खराब कानून व्यवस्था को लेकर मांगा इस्तीफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अप्रैल।
दुर्ग शहर में एक 6 साल की मासूम से रेप और हत्या की घटना से भडक़े कांग्रेसियों ने मंगलवार को स्थानीय जयस्तंभ चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जहां पुतला फूंककर कड़ा प्रदर्शन किया। वहीं प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था  को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफा मांगा। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार के सत्तासीन होने के बाद से राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद है कि आए दिन  अपराध की घटनाएं हो रही है। 

जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय जयस्तंभ चौक में कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने आरोप लगाया कि लगातार राज्य के अलग-अलग जिलों में आपराधिक घटनाएं हो रही है। इसके रोकथाम को लेकर भाजपा सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। भाजपा शासन में मासूम बच्चे भी सुरक्षित नहीं है। दुर्ग की घटना एक शर्मनाक और अमानवीय है। आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई काफी ढ़ीली रही। इससे पहले मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने के दौरान पुलिस के साथ कांग्रेसियों की हल्की झड़प हुई। कांग्रेसियों ने पुलिस को चकमा देकर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। वहीं गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफे की मांग की। 


 

प्रदर्शनकारियों में पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, भागवत साहू, हेमा देशमुख, मेहुल मारू, अमित चंद्रवंशी, आसिफ अली, राजू खान, आफताब आलम, महेंद्र यादव, माया शर्मा, महेश साहू, मनीष साहू, मन्ना यादव, हरीश यादव, सूर्यकांत जैन, श्रीकिशन खंडेलवाल, नीरज कन्नौजे, कुसुम दुबे समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट