राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अप्रैल। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते पेयजल समस्या के त्वरित निराकरण एवं सुचारू रूप से संचालन तथा संधारण के लिए जिला स्तर पर पेयजल नियंत्रण प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। पेयजल नियंत्रण प्रकोष्ठ का दूरभाष 07744299703 है। यह प्रकोष्ठ 29 मार्च से प्रभावी है। नियंत्रण प्रकोष्ठ प्रभारी सहायक ग्रेड-2 गोपीराम साहू को बनाया गया है। प्रकोष्ठ में पेयजल समस्या के निराकरण से संबंधित डाक एवं पत्राचार प्रकोष्ठ प्रभारी के नेतृत्व में ओंकार साहू स्थल सहायक द्वारा किया जाएगा। प्रकोष्ठ कार्यालयीन समय में कार्य करेंगे। प्रकोष्ठ में प्राप्त शिकायतों के निराकरण हेतु एक रजिस्टर संधारित किया जाएगा। जिसमें प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों का पूर्ण विवरण दर्ज होगा एवं संबंधित सहायक अभियंताओं/उप अभियंताओं को शिकायत से अवगत कराएंगे एवं शिकायत की तिथिवार निराकरण संबंधी जानकारी का स्पष्ट उल्लेख रजिस्टर संधारित किया गया है। जिला स्तर पर खंड कार्यालय राजनांदगांव एवं प्रत्येक उपखंड मुख्यालय तथा विकासखंड स्तर पर समस्त जनपद पंचायत मुख्यालय में शिकायत पंजी संधारित की जा रही है।
उपखंड स्तर पर भी अधिकारी-कर्मचारी पेयजल प्रकोष्ठ के तहत 15 जून तक के लिए अपने आबंटित कार्य के अतिरिक्त पेयजल प्रकोष्ठ से संबंधित कार्य करेंगे। उपखंड कार्यालय राजनांदगांव प्रभारी सहायक अभियंता पलक कोठारी, सहायक अभियंता प्रिया सोनी को नियुक्त किया गया है। इसी तरह राजनांदगांव विकासखंड के उप अभियंता मोनिका ठाकुर, उप अभियंता आदित्य नारायण साहू, डोंगरगांव विकासखंड के उप अभियंता रूखमणी पाटले, उपखंड कार्यालय डोंगरगढ प्रभारी सहायक अभियंता गिरेन्द्र कुमार साहू, डोंगरगढ़ विकासखंड के उप अभियंता तारादेवी वैष्णव, छुरिया विकासखंड के उप अभियंता आरती जैन है।