राजनांदगांव

कार्यकर्ता के तौर पर संगठन के हर दायित्व को निभाया, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी निष्ठा के साथ करूंगा पूरा - नीलू
03-Apr-2025 1:14 PM
कार्यकर्ता के तौर पर संगठन के हर दायित्व को निभाया, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी निष्ठा के साथ करूंगा पूरा - नीलू

अध्यक्ष की नियुक्ति पर बधाई देने नीलू के घर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 अप्रैल।
राज्य सरकार ने बहुप्रतिक्षित निगम और मंडल के नए अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। राजनांदगांव शहर से युवा भाजपा नेता नीलू शर्मा को पर्यटन मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 
ज्ञात हो कि नीलू शर्मा पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के भी अध्यक्ष रहे हैं। नीलू की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से कयास भी लगाए जा रहे थे। ज्यादातर भाजपा नेता उनकी नियुक्ति को तय मान रहे थे। पार्टी नेतृत्व की सिफारिश पर राज्य सरकार ने नीलू को पर्यटन मंडल जैसे अपार संभावना वाले विभाग का नया मुखिया बनाया है। 

नीलू के लिए यह नियुक्ति राजनीतिक तौर पर काफी मायने रखती है। वजह यह है कि पार्टी के भीतर लालबत्ती के लिए वरिष्ठ और युवाओं में काफी जोर आजमाईश चल रही थी। पार्टी ने नीलू को मौका देकर अन्य नेताओं के दावे को दरकिनार कर दिया।

 नीलू की नियुक्ति उनके सांगठनिक क्षमता के आधार पर भी की गई है। वह लगातार संगठन से मिले हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाने में कामयाब रहे हैं। हाल ही में मोहला-मानपुर जिला पंचायत चुनाव के लिए भी संगठन ने उन्हें प्रभारी बनाया था। जिसमें भाजपा को जिला पंचायत की कुर्सी तक पहुंचने में कामयाबी मिली।

ज्ञात हो कि  नीलू धमतरी जिला भाजपा के प्रभारी भी हैं। कांग्रेस सरकार के दौरान नीलू काफी मुखर रहे हैं। उन्होंने जनहित से जुड़े कई मुद्दों को लेकर सडक़ तक लड़ाई लड़ी। 

नियुक्ति को लेकर ‘छत्तीसगढ़’ से एक संक्षिप्त बातचीत में श्री शर्मा ने कहा कि उनकी नियुक्ति एक कार्यकर्ता होने के नाते की गई है। मंडल अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
 उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रभारी नीतिन नवीन, विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्रीद्वय विजय शर्मा और अरूण साव व राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे समेत अन्य नेताओं का आभार व्यक्त किया है। 

श्री शर्मा ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में असीम संभावनाएं हैं। बस्तर से लेकर सरगुजा और राजनांदगांव-कवर्धा के अलावा अन्य प्राकृतिक स्थलों का विकास करने पर जोर दिया जाएगा। इस बीच शर्मा की नियुक्ति के ऐलान के साथ देर रात तक शहर में उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोडकर अपनी खुशी का इजहार किया। सुबह से उनके निजी आवास में कार्यकर्ता मेल-मुलाकात के लिए उमड़ पड़े हैं।

 

 मिश्रा को भी मिली जिम्मेदारी
सरकार की मंडल और अध्यक्षों की जारी सूची में  योगेश दत्त मिश्रा को भी श्रम कल्याण मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मिश्रा नीलू शर्मा के पड़ोसी हैं और दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले भी हैं। मिश्रा लंबे समय से भाजपा समर्थित भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले मजदूरों के हित में संघर्ष करते रहे हैं। श्रमिक आंदोलनों में उनकी सीधी भूमिका रही है। माना जा रहा है कि उनके लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहने और श्रमिकों के लिए आवाज उठाने की प्रतिबद्धता के एवज में सरकार ने उन्हें सत्ता से जोड़ा है। उनके निवास में भी पार्टी कार्यकर्ताओं और मजदूरों का बधाई देने तांता लगा रहा।
 


अन्य पोस्ट