राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मार्च। अक्षय कृषि परिवार के भूमि सुपोषण एवं संरक्षण अभियान अंतर्गत सृजन सामाजिक संस्था द्वारा ग्राम कांकेतरा में भूमिपूजन उत्सव मनाया गया। जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मिट्टी का झरण रोकने, मिट्टी के संवर्धन के उपाय कार्यान्वित करने, रासायनिक खाद और रासायनिक कीटनाशकों का उपयोग नहीं करने, कृषि सिंचाई में जल का अपव्यय रोकने और मेड़ पर पेड़ लगाने संबंधी जानकारी लोगों को देना है।
सृजन सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित उक्त भूमिपूजन हेतु ग्राम के किसानों द्वारा अपने खेतों से मिट्टी लाकर एक स्थान पर एकत्रित कर पूरे विधि-विधान और मंत्रोपचार के साथ मिट्टी की पूजा की गई। पूजन के बाद भूमि के सुपोषण और संरक्षण हेतु सभी के द्वारा शपथ लेकर मिट्टी को वापस अपने खेत में ले जाकर छिडक़ाव किया गया।
भूमि पूजन उत्सव में सरपंच तेजेस्वरी साहू, अर्जुन गोंड, पूर्णिमा गोंड, अंकालू देवांगन, शिव देवांगन, अशोक देवांगन, नारायण जांगड़े, पंच पुष्पा साहू, तामेश्वरी साहू, पार्वती देवांगन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता डिम्पल देवांगन, आशा सिन्हा और यशोदाबाई उपस्थित थी। सृजन सामाजिक संस्था के अध्यक्ष शरद श्रीवास्तव ने बताया कि भूमि के प्रति क्षीण हुई श्रद्धा के पुर्नस्थापन हेतु भूमि पूजन के लिए चैत्र शु. प्रतिपदा एक सर्वमान्य उचित अवसर है, जिसे प्रतिवर्ष करते रहना चाहिए।
इस अवसर पर संस्था के समन्वयक महेश साहू, सुनीता यादव और दीपक वर्मा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।