राजनांदगांव

जिपं के भाजपा उम्मीदवार ने की निष्कासित करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मार्च। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा के टेडेसरा क्षेत्र से अधिकृत उम्मीदवार रहे चंदन कश्यप ने अपनी हार के लिए ग्रामीण क्षेत्र के दो प्रमुख नेता लीलाधर साहू और कृष्णा तिवारी पर हार का ठीकरा फोड़ा है।
उनका आरोप है कि दोनों ने पार्टी विरोधी कार्य करते उन्हें हराने का काम किया। जबकि पार्टी ने दोनों को चुनाव संचालन के लिए जिम्मेदारी दी थी।
अधिकृत प्रत्याशी रहे चंदन कश्यप ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत सांसद संतोष पांडे, जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महापौर मधुसूदन यादव और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को पत्र लिखकर दोनों के निष्कासन की मांग की है। पत्र के जरिये कश्यप ने बताया कि चुनाव संचालन के लिए लीलाधर साहू और कृष्णा तिवारी को नियुक्त किया गया था।
दोनों ने पूरे चुनाव में सहयोग करने के बजाय भीतरघात किया। कृष्णा तिवारी पर यह भी आरोप है कि कश्यप को खुद के गांव में वोट नहीं मिलने का तंज कसते सोमनी क्षेत्र से एक भी वोट नहीं मिलने की बात की। कश्यप ने यह भी जानकारी देते आला नेताओं को बताया है कि नामांकन के दिन भीड़ अधिक होने के कारण निर्वाचन अधिकारी ने इंतजार करने को कहा, इस दौरान उनकी आंख लग गई, उसका भी वीडियो सोशल मीडिया में बदनाम करने की नीयत से उपरोक्त नेताओं द्वारा किया गया।
साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि बूथ कार्य के लिए पर्ची और व्यय राशि लीलाधर साहू और कृष्णा तिवारी द्वारा अध्यक्षों तक नहीं पहुंचाया गया, इस कारण उनका चुनाव प्रभावित हुआ। दोनों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम किया। ऐसे में पार्टी से दोनों को निष्कासित करने की मांग पराजित प्रत्याशी द्वारा की गई है।