राजनांदगांव

विधायक के विरोध को दरकिनार कर महेन्द्र और विभा ने मारी बाजी
24-Feb-2025 2:27 PM
विधायक के विरोध को दरकिनार कर महेन्द्र और विभा ने मारी बाजी

डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू की पसंद पर तीनों प्रत्याशी की बुरी हार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 24 फरवरी। जिला पंचायत के आखिरी चरण के चुनावी परिणाम में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू की साख पर प्रतिकूल असर पड़ा है। विधायक साहू ने अपनी पसंद पर तीन प्रत्याशी को खड़ा किया था। उनके मुकाबले खड़े हुए महेन्द्र यादव ने जहां तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य के तौर पर बाजी मारी है, वहीं विभा साहू भी जीतने में कामयाब हुई। इसी तरह तीसरी सीट पर नीलम टिकेश साहू के सामने भाजपा की जागृति यदु ने विजयी हासिल की। 

क्षेत्र क्र. 5, 6 और 7 में दलेश्वर साहू ने प्रदेश नेतृत्व से दबाव डालकर अपने करीबियों को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया था। तीनों सीट पर दलेश्वर की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर थी। विधायक प्रत्याशियों के बजाय ग्रामीण जनता ने महेन्द्र यादव (क्षेत्र क्र. 6), विभा साहू (क्षेत्र क्र. 5) को चुना। जबकि क्षेत्र क्र. 7 से दलेश्वर के नजदीकी माने जाने वाले नीलम साहू को भाजपा के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। तीनों सीट पर दलेश्वर साहू ने जीत का दावा किया था।

दरअसल, क्षेत्र क्र. 6 से विजयी हुए महेन्द्र यादव की डोंगरगांव विस में टिकट को लेकर दावेदारी रही है। दलेश्वर उन्हें अपना घोर प्रतिद्वंदी मानते हैं। ऐसे में उन्होंने महेन्द्र यादव के अलावा विभा साहू को चुनावी जीत से रोकने अपने करीबियों को मैदान में उतारा।  बताया जा रहा है कि महेन्द्र यादव की स्थिति हमेशा अच्छी रही है। लिहाजा वह तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित होने वाले पहले शख्स हैं। इस बीच क्षेत्र क्र. 8 से भाजपा की किरण साहू ने भाजपा की बागी कविता अग्रवाल को बड़े अंतर से पराजित कर दिया।

 क्षेत्र क्र. 9 में भाजपा के युवा प्रशांत कोड़ापे ने कांग्रेस की प्रभा साहू को दमखम के साथ शिकस्त दी। क्षेत्र क्र. 10 छुरिया एलबी नगर क्षेत्र से लगातार दो बार से जिला पंचायत सदस्य रामक्षत्रीय  चंद्रवंशी को अनिता मंडावी ने हराया। इस तरह अब तक 13 सीटों में भाजपा 10 सीटों में काबिज हो गई। कांग्रेस से एक और दो बागी चुनाव जीतने में सफल हुए हैं। बहरहाल, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू के लिए पंचायती चुनाव के हार को उनके कमजोर होती राजनीतिक पकड़ से जोडक़र देखा जा रहा है।


अन्य पोस्ट