राजनांदगांव

स्मार्ट सिटी की तर्ज पर शहर का करेंगे विकास - मधुसूदन
08-Feb-2025 3:24 PM
स्मार्ट सिटी की तर्ज पर शहर का  करेंगे विकास - मधुसूदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी।
भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव अपने अंतिम दौर के प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। सुबह से दोपहर तक जहां उनके निवास व कार्यालय में कार्यकर्ताओं व नागरिकों से भेंट-मुलाकात की लंबी फेहरिस्त रहती है। वे दोपहर से देर शाम तक आम लोगों से मिलने उनके घरों की ओर निकल पड़ते हैं। जनसंपर्क कार्यक्रम समाप्त कर देर रात तक अपने कार्यालय में बैठकर लोगों से मेल-मुलाकात कर उनकी समस्याओं से रूबरू होते हैं। देर रात तक जागना व सुबह जल्दी उठकर फिर लोगों से मुलाकात करना, यही उनकी दिनचर्या हो गई है। 6 फरवरी को स्टेडियम वार्ड, अनुपम नगर से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते शीतला माता वार्ड जमातपारा में व्यापक जनसंपर्क किया। वे गौरीनगर, लखोली व तुलसीपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सभा में शिरकत करते महती जनसभा को संबोधित किया।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार इस दौरान श्री यादव ने शहर के विकास का खाका खींचते कहा कि अटल विश्वास पत्र में की गई घोषणाएं तो उनके लिए पत्थर की लकीर होगी ही। साथ ही शहर को स्मार्ट सिटी के तर्ज पर विकसित करने की उनकी महत्वाकांक्षी योजना है। 

श्री यादव ने विश्वासपूर्वक शहर के मतदाताओं से आग्रह करते कहा कि देश व प्रदेश में विकास कार्यो की बानगी वे सब देख ही रहे है, दोनों ही स्थानों पर भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास को लेकर क्रांतिकारी परिवर्तन से आप वाकिफ है। अब समय आ गया है कि इस शहर की दुर्दशा को दूर करने लोकतंत्र के तीसरे प्रमुख पायदान स्थानीय निकाय में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार स्थापित करें, ताकि वे अपने राजनांदगांव को लेकर देख रहे स्मार्ट सिटी के तर्ज पर विकास के स्वप्न को मूर्त रूप दे सकें। 

इस अवसर पर प्रियंका कुंरजेकर, शैंकी बग्गा,  नीलू शर्मा, अशोकादित्य श्रीवास्तव, कमलेश सूर्यवंशी, राजेन्द्र जैन बंटू, अतुल रायजादा, प्रशांत गोलू गुप्ता, जया दुर्गेश यादव, प्रखर श्रीवास्तव, कमलेश यादव, अमितेश झा, सुनीता यादव के साथ अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट