राजनांदगांव
पार्षद चुनाव में व्यस्त होने के कारण संगठन से वैकल्पिक व्यवस्था की रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जनवरी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने नगरीय निकाय चुनाव तक कार्यवाहक शहर अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को एक पत्र लिखा है।
छाबड़ा ने निकाय चुनाव संपन्न होने तक दौलत सिंह चंदेल को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने की सिफारिश की है। छाबड़ा ने पार्षद चुनाव में व्यस्त रहने का हवाला देकर कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने के लिए प्रदेश नेतृत्व से आग्रह किया है। छाबड़ा वार्ड नं.24 से कांग्रेस से पार्षद पद के प्रत्याशी है।
उन्होंने पत्र में पूर्व में भी निकाय चुनाव लडऩे के दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने की जानकारी दी। छाबड़ा 6वीं बार वार्ड चुनाव लड़ रहे हैं।
शहर अध्यक्ष और पार्षद चुनाव की दोहरी जिम्मेदारी होने के कारण छाबड़ा को सांगठनिक कामकाज में दिक्कतें खड़ी हो रही है। ऐसे में उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत चंदेल को निकाय चुनाव तक कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने की प्रदेश नेतृत्व से मांग की है।


