राजनांदगांव

जिपं में शपथ ग्रहण व जागरूकता अभियान
25-Jan-2025 3:31 PM
जिपं में शपथ ग्रहण व जागरूकता अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 जनवरी। 
राष्ट्रीय मतदाता दिवस  पर जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने  जिला पंचायत परिसर में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई।सभी ने शपथ ली कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और सोच-समझकर मतदान करेंगे और लोकतंत्र के सशक्तिकरण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने लोकतंत्र और मतदान के महत्व पर जोर देते इसे देश के निर्माण और सशक्तिकरण की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है। 

जिला पंचायत सीईओ  सुरूचि सिंह ने कहा कि केवल शपथ ग्रहण करना पर्याप्त नहीं है, हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि हर नागरिक मतदान के महत्व को समझे। उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का योगदान लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अहम है, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी नागरिक मतदान प्रक्रिया से वंचित न रहे। कार्यक्रम के अंत में सीईओ ने उपस्थित लोगों को लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाएं रखने और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूत नींव रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी ने इस कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताते मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प एवं शपथ लिया।


अन्य पोस्ट