राजनांदगांव

छुईखदान में कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पार्षदों की जीत सुनिश्चित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 जनवरी। छग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए रोडमेप तैयार कर नगर पंचायतों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत छुईखदान के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। जिम्मेदारी मिलते ही दुबे खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जिला अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे के साथ छुईखदान पहुंचे। जिला अध्यक्ष ने स्वागत संबोधन के साथ बैठक के उद्देश्य से ब्लॉक संगठन, पार्टी पदाधिकारी एवं वार्ड पार्षदों को अवगत कराया।
बैठक में कांग्रेसजनों की भावनाओं एवं रायशुमारी पश्चात छुईखदान में कांग्रेस की जीत के स्पष्ट संकेत देखते पर्यवेक्षक रूपेश दुबे ने कहा कि छ ग की भाजपा सरकार ने आरक्षण के मामले पर छग को वर्ग एवं जातिय संघर्ष के आग में झोंकने का काम किया है, जब से छग में भाजपा सरकार में है, तब से राज्य अपराध का गढ़ बना हुआ है। कानून व्यवस्था लचर है भाजपा धर्म के नाम पर आपसी भाईचारा को समाप्त करने का निरंतर साजिश कर रही और अब स्थानीय निकायों में जिस प्रकार से पिछड़े वर्ग के आरक्षण को समाप्त किया गया और अनारक्षित सीटों पर पिछड़े वर्ग को 50 प्रतिशत चुनाव लड़ाने की बात कहकर भाजपा ने जाति संघर्ष को हवा दे दिया है। अनारक्षित सीटों में एस टीएएससी, ओबीसी, सामान्य वर्ग के सभी लोगों को चुनाव लडऩे का मौका मिलता है, लेकिन भाजपा संवैधानिक आरक्षण नियम बनाने में विफल है। नगर पंचायत में कांग्रेस नेतृत्व विकास नीति के चलते जनता कांग्रेस पर पुन: अपना विश्वास जताने को तत्पर है।
खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में नारी नेतृत्वशक्ति के रूप में विधायक यशोदा वर्मा निरंतर कार्य कर रही है वहीं छुईखदान नगर पंचायत में भी नारी शक्ति का नेतृत्व मिलेगा, यह सिर्फ कांग्रेस की महिलाओं को अग्रसर करने की सोच का प्रमाण है। अध्यक्ष एवं पार्षद हेतु इक्ष्छुक अभ्यर्थियों से प्रारंभिक चरण के आवेदन भी लिए गए एवं वार्डवार आरक्षण अनुसार दस्तावेज सहित आवेदन बायोडाटा जिला/ब्लॉक कांग्रेस के पास प्रस्तुत करने कहा गया है। वार्ड स्तरीय बैठक लेकर कांग्रेस के माहौल को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष पारतीका महोबिया, वरिष्ठ कांग्रेसी प्रकाश राठौर, मोतीलाल जघेल, नीलांबर वर्मा, जिला युकांध्यक्ष गुलशन तिवारी, ममता पाल, अशोक जघेंल, दिलीप महोबिया, शैलेन्द्र तिवारी, प्रकाश महोबिया, प्रेमसिंह पाल, कंचन कुंभकार, मनीष कोचर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
बैठक का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी सज्जाक खान ने किया।