राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जनवरी। गांव की सरकार चुनने के लिए जिला पंचायत सदस्यों की आरक्षण प्रक्रिया पूरी हो गई है। राजनांदगांव जिले में कुल 13 जिला पंचायत की सीट है। खैरागढ़ और मोहला-मानपुर के अस्तित्व में आने के बाद राजनांदगांव जिले में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सीटें घट गई है। नवगठित जिलों की भी सीटें पृथक हो गई है। राजनांदगांव जिले में पंचायती चुनाव को लेकर काफी गहमा-गहमी थी।
गुरुवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल की मौजूदगी में आरक्षण की प्रक्रिया हुई। जिसमें 7 सीटें अनारक्षित हुई है। यानी इन सीटों पर हर तबके को हाथ आजमाने का मौका मिल सकता है। महिलाओं को भी 33 फीसदी आरक्षण का लाभ दिया गया है। 4 सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया गया है। भाजपा-कांग्रेस में महिलाएं चुनाव लडऩे के लिए काफी काफी उत्साहित थी। इसी तरह 3 सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि एक सीट अजजा वर्ग के लिए आरक्षित है।
मिली जानकारी के मुताबिक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट महिला वर्ग के खाते में गई है। इससे पहले जिलेभर में पंचायतों में सरपंच और पंच के आरक्षण प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। बताया जा रहा है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार काफी घमासान होगा। वजह यह है कि गांव की सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए सभी सियासी दल सक्रिय हैं। अब दावेदारों को चुनावी तारीखों का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच अविभाजित राजनंादगांव के 818 पंचायतों का आरक्षण संपन्न हुआ। जिसमें 414 सीटें महिला वर्ग के लिए निर्धारित किया गया है। राजनांदगांव जिले के 408 पंचायतों में 208 पंचायत अलग-अलग वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। नए जिले केसीजी की 221 में से 114 ग्राम पंचायत महिला तो मोहला-मानपुर की 185 ग्राम पंचायतों में 94 सरपंच पद महिलाओं के लिए आरक्षित हुआ है।
जिला पंचायत सदस्य सीटों की आरक्षण सूची
क्षेत्र क्र. 1-अनुसूचित जनजाति महिला, क्षेत्र क्र. 2-ओबीसी महिला, क्षेत्र क्र. 3-अनारक्षित मुक्त, क्षेत्र क्र. 4-अनारक्षित महिला, क्षेत्र क्र. 5-अनारक्षित महिला, क्षेत्र क्र. 6-अनारक्षित महिला, क्षेत्र क्र. 7-ओबीसी मुक्त
क्षेत्र क्र. 8-अनारक्षित महिला, क्षेत्र क्र. 9-अनारक्षित मुक्त, क्षेत्र क्र. 10-अनुसूचित जाति महिला, क्षेत्र क्र. 11-अनुसूचित जाति महिला, क्षेत्र क्र. 12-अनारक्षित मुक्त, क्षेत्र क्र. 13-एससी मुक्त।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक 14 को
राजनांदगांव, 10 जनवरी। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में 14 जनवरी को दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी सहित उपस्थित होने कहा गया है।


