राजनांदगांव

रमन ने सीएम व मंत्री से चर्चा कर निगम को दिलवाया फंड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जनवरी। नगर निगम अंतर्गत नियोजित अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्लेसमेंट कर्मियों के लंबित वेतन का मामला विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के हस्तक्षेप से अब सुलझ गया है।
राजनांदगांव नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्लेसमेंट पर कार्यरत कर्मचारियों को फंड के अभाव में निगम से विगत 3 माह से वेतन का भगुतान नहीं हो पा रहा था, जिन्होंने अपने विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से अब राहत की सांस ली है।
संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग छग नवा रायपुर अटल नगर के विभागीय पत्र द्वारा नगरीय निकायों को अधिकारी-कर्मचारियों (नियमित/प्लेसमेंट) के वेतन भगुतान हेतु रशि का आबंटन जारी किया गया है। जिसमें राजनांदगांव नगर निगम को 5 करोड़ 62 लाख 35 हजार रुपए की राशि जारी की गई है।
पूर्व सांसद एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने राजनांदगांव नगर निगम के अधिकारी- कर्मचारियों एवं प्लेसमेंट कर्मियों की तरफ से डॉ. रमन सिंह को त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद देते आभार प्रकट किया गया है। ज्ञात हो कि निगमकर्मियों के लंबित वेतन के कारण उन्हें एवं उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिसके कारण इन निगमकर्मियों ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से उनके मोतीपुर स्थित निज निवास में समक्ष भेंटकर अपनी समस्या से अवगत करवाते निराकरण हेतु अनुरोध किया था, जिस पर पूर्व सांसद मधुसूदन ने यथाशीघ्र निराकरण हेतु आश्वासन दिया था। डॉ. रमन सिंह के राजनांदगांव आगमन पर पूर्व सांसद ने नगर निगम के कर्मचारियों के लंबित वेतन के विषय में उन्हें अवगत कराते इस विषय में हस्तक्षेप कर लंबित वेतन के यथाशीघ्र भुगतान करवाने का आग्रह किया था।
इस प्रकरण में डॉ. रमन सिंह ने संवेदनशीलता एवं तत्परता से संज्ञान लेते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री एवं मंत्री नगरीय प्रशासन अरूण साव से पत्राचार एवं दूरभाष पर चर्चा कर राजनांदगांव नगरीय निकाय सहित प्रदेश के अन्य सभी नगरीय निकायों के कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान हेतु शीघ्र राशि जारी करने अनुशंसा की, जिस पर सीएम एवं विभागीय मंत्री ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान हेतु संचालक नगरीय प्रशासन को आदेशित किया है।
लंबित वेतन भुगतान हेतु राशि का आबंटन प्राप्त होने की सूचना पाकर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्लेसमेंट कर्मियों में हर्ष व्याप्त है, और उनके द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डे एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को धन्यवाद देत आभार व्यक्त किया गया है।